ओमान 11 जून 2026/ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने वहाँ के शिनास पोर्ट पर एक जहाज़ पर हुए ताज़ा हमले के बारे में जानकारी दी है.इस जहाज पर 20 भारतीय नाविक तैनात हैं
अमेरिका और ईरान के बीच जंग एक बार फिर से तेज हो गई है और इसका शिकार भारतीय नाविक हो रहे हैं। ओमान के शिनास पोर्ट के पास एक व्यवसायिक जहाज MT Jalveer पर गुरुवार को हमला हुआ है। इस जहाज पर 20 भारतीय नाविक तैनात हैं। इस जहाज का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उससे धुंआ निकलता दिख रहा है। ओमान में भारतीय दूतावास ने इस हमले की जानकारी दी है। भारतीय दूतावास ने कहा कि हम हालात की निगरानी कर रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। पिछले 3 दिन में यह भारतीय नाविकों वाले व्यवसायिक जहाज पर तीसरा हमला है। अभी यह नहीं पता चल पाया है कि इस ताजा हमले को किसने अंजाम दिया है। इससे पहले अमेरिका ने 2 जहाजों पर हमले की बात को स्वीकार किया था।
भारतीय दूतावास ने लिखा, “हमें आज ओमान के शिनास पोर्ट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है. हम स्थिति पर क़रीब से नज़र रख रहे हैं और आगे की जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहे हैं.”
इससे पहले बुधवार को भी इस इलाक़े में भारतीय तेल टैंकर पर हमला हुआ था.
पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को बताया कि ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद लापता हुए तीनों भारतीय नाविकों के शव मिले हैं.
इस घटना के बाद भारत ने अमेरिका के उप मिशन प्रमुख को तलब किया और हमले के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध दर्ज कराया था.