25 जुलाई तक होंगे ऑनलाइन पंजीयन,कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग
ग्वालियर, 05 जुलाई 2026/ ग्वालियर जिले के शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा 7 अगस्त 2026 को “बूझो जानो, फिर देखो अपना प्रदेश” पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा एवं पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता और रुचि विकसित करना है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीयन 25 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वर्ष 2016 से इस प्रतियोगिता का नियमित आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के तत्वावधान में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (DATCC), ग्वालियर तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से होगा।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण 7 अगस्त को जिला स्तर पर होगा। जिला स्तर पर चयनित टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
प्रत्येक जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के होटलों में दो रात्रि एवं तीन दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अगली तीन उपविजेता टीमों को एक रात्रि एवं दो दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन दिया जाएगा।
इन कूपनों के अंतर्गत विद्यार्थियों के आवागमन, आवास, भोजन एवं स्थानीय भ्रमण का संपूर्ण व्यय मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता के लिए विद्यालयों का ऑनलाइन पंजीयन 1 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की वेबसाइट www.tourism.mp.gov.in पर किया जा सकेगा। विद्यालय निर्धारित अवधि में उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपने विद्यार्थियों का पंजीयन करा सकते हैं।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (DATCC), ग्वालियर तथा स्कूल शिक्षा विभाग ने जिले के सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।