कहा पंचायत के निर्णयों से दोनों पक्षों को संतुष्ट करना बहुत कठिन
ग्वालियर 8अक्टूबर 2026/”सिंधी महापंचायत ने अपने एक वर्ष के अल्प कार्यकाल में समाज के भरोसे को जीता है और यह तभी संभव है जब कार्यपद्धति निष्पक्ष एवं प्रमाणिक हो। क्योंकि किसी भी निर्णय से दोनों पक्षों को संतुष्ट करना बहुत कठिन है। लेकिन महापंचायत जनसुनवाई के माध्यम से यह काम बखूबी कर रही है। ये विचार सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सिंधी महापंचायत के प्रथम स्थापना दिवस पर चैंबर भवन में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस अवसर पर उन्होंने सिंधु भवन के निर्माण के लिए 21लाख रु. अपनी निधि से देने की घोषणा की। इसके अलावा भूमि आवंटन में भी पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज धार्मिक भावनाओं से ओत प्रोत समाज है जो आपसी विवादों का पंचायत के माध्यम से समाधान कर लेता है। यह एक जागरूक एवं स्वस्थ समाज का परिचायक है। उन्होंने समाज को रोजगार निर्मित करने वाला समाज बताया। महापंचायत के अध्यक्ष कमल माखीजानी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक आयोजित 8 जनसुनवाई में लगभग 70 – 80 विवादों एवं समस्याओं का निराकरण किया गया है। भविष्य में महिलाओं को गृह उद्योग से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें स्वावलंबी एवं सक्षम बनाने का कार्य महापंचायत करेगी। उन्होंने सिंधु भवन के निर्माण की प्रगति के विषय में भी अवगत कराया। पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने महापंचायत से महिलाओं की सहभागिता तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य करने का सुझाव दिया। चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा सिंधी समाज कभी न रुकने वाला, न थकने वाला और न ही झिझकने वाला समाज है। इसीलिए समाज ने कम समय में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सिंधु भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र मनमानी ने सिन्धी मेट्रीमोनियल ऐप की विस्तृत जानकारी देते हुए उसे अतिथियों द्वारा लोकार्पित कराया। इस ऐप में कई देशों के सिंधी समाज के विवाह योग्य युवक युवतियों के बायोडेटा समाहित हैं, जिससे लोगों को सही जीवनसाथी चुनने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में सिंधु भवन के निर्माण में आने वाली लागत का 25 प्रतिशत योगदान मध्य प्रदेश सिंधु भवन ट्रस्ट के द्वारा किए जाने की घोषणा ट्रस्ट के संस्थापक न्यासी ईश्वरलाल झामनानी द्वारा की गई। कार्यक्रम को सिंधु भवन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अनिल चुघ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर दाल बाज़ार समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप पंजवानी, चैंबर के नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव दीपक पमनानी एवं महापंचायत के मुखी शंकर लोकवानी का उनकी सेवाओं के लिए सम्मान किया गया। महासचिव गोपाल मोटवानी ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं कार्यक्रम का संचालन महापंचायत के मुख्य संगठक पीतांबर लोकवानी ने किया। आभार संयुक्त अध्यक्ष ओमप्रकाश पारप्यानी ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत दिलीप गेही, श्याम रोहिरा, डॉ. दीपक माखीजानी, डॉ. हरीश खुशीरामानी, सुरेश खत्री, आनंद करारा, संगीत पारप्यानी, डॉ. संतोष दुसेजा, महेश गुलवानी, जयराम ठक्कर, राजेश कालरा, कैलाश चावला, सुरेश आहूजा, प्रकाश रोहिरा, जगदीश लाडकानी, चन्द्र कुमार फुलवदिया, दिलीप ठाकुर, विजय काकवानी, डॉ. किशोर मगनानी, डॉ. हर्ष सुखवानी आदि ने किया।