CAA पर कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल के बाद अब सलमान खुर्शीद ने भी पार्टी लाइन से हटकर सुप्रीम कोर्ट की आड़ लेते हुए अपनी सफाई दी है,फिलहाल अब इस मुद्दे पर कांग्रेस बंटी नजर आ रही है।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल द्वारा नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर दी गई टिप्पणी पर अपनी राय रखते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि सीएए की संवैधानिक स्थिति संदेहास्पद है. अगर सर्वोच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप नहीं किया तो वह कानून की किताब में कायम रहेगा और अगर कुछ कानून की किताब में है तो उसे सभी को मानना होगा.
खुर्शीद ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा कि सीएए पर राज्य सरकारों की अलग-अलग राय है. उन्हें अभी सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गई घोषणा का इंतजार करना होगा.
सिब्बल बोले- कोई राज्य लागू करने से नहीं कर सकता इनकार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि यदि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पारित हो गया है तो कोई भी राज्य इसे लागू करने से मना नहीं कर सकता है. सीएए को लागू करने से मना करना मुमकिन नहीं और इसे लागू करने से इनकार करना असंवैधानिक होगा.
सिब्बल ने इसके साथ ही केरल के राज्यपाल पर निशाना साधा है. सिब्बल ने कहा कि केरल के राज्यपाल को संविधान के बारे में कोई आइडिया नहीं है. उन्होंने शनिवार को यह बात केरल लिटरेचर फेस्टिवल में कही है.
सीएए को लागू करने से मना करना असंवैधानिक
कपिल सिब्बल ने कहा कि सीएए संसद से पास है तो कोई भी राज्य ये नहीं कह सकता कि हम इसे लागू नहीं करेंगे. ये संभव नहीं है. ये असंवैधानिक है. आप इसका विरोध कर सकते हैं. आप विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर सकते हैं और सरकार से कह सकते हैं कि इसे वापस लिया जाए.