टूटी सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नगर निगम–सरकार पर लगाए लापरवाही के आरोप
ग्वालियर 24 दिसंबर 2025/ एक तरफ देश के गृहमंत्री अमित शाह,मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज ग्वालियर पहुंचने वाले हैं तो दूसरी और विपक्ष कांग्रेस ने शहर की टूटी सड़कों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया कांग्रेसी हाथों में तसले फावडे लेकर सचिन तेंदुलकर मार्ग पर सड़क बनाने जा पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए सिर पर तसले रखकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता सुनील शर्मा जिला अध्यक्ष सहित वीर सिंह तोमर के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल थे

शहर की जर्जर और टूटी सड़कों को लेकर आज कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्वालियर की सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे आम नागरिकों को रोज़ाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर एकत्र हुए और नगर निगम व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बरसात के बाद सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये सड़कों के निर्माण और मरम्मत के नाम पर खर्च किए गए, फिर भी हालात जस के तस हैं। आए दिन गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और मरीजों, बुजुर्गों व स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई और दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई ठोस आश्वासन सामने नहीं आया है।
इस प्रदर्शन से पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया क्योंकि देश के गृह मंत्री अमित शाह आज रात्रि ग्वालियर पहुंच रहे हैं उनके कल ग्वालियर में कार्यक्रम हैं मुख्यमंत्री डॉ यादव सहित कई नामचीन हस्तियां भी ग्वालियर पहुंच रही हैं कल अटल जी के जन्मदिन पर भी कई आयोजन हैं।