ग्वालियर । ग्वालियर के इतिहास में 8 मई का दिन सुनहरे पन्ने के रूप में जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में इस दिन सायंकाल 6 बजे मेला परिसर में आयोजित होने जा रहे भव्य समारोह में अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण के प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ होगा। प्रथम चरण में ग्वालियर की 63 अवैध कॉलोनियां वैध होंगीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सौगातों का पिटारा खोलकर लगभग 1433 करोड़ लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में असंगठित श्रमिकों के कल्याण के लिए शुरू की गई योजना के तहत कार्ड वितरण होगा। इस अवसर पर जरूरतमंदों को पक्के घरों की चाबियाँ सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 80 करोड़ लागत के हित लाभ भी पात्र हितग्राहियों को मिलेंगे। घाटीगाँव विकासखण्ड का खण्ड स्तरीय अंत्योदय मेला भी इस आयोजन के साथ होगा। सहरिया आदिवासी महिला पेंशन, एनयूएलएम व एनआरएलएम, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, तेंदुपत्ता संग्राहक वितरण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना इत्यादि योजनाओं के हितग्राही भी लाभान्वित कराए जायेंगे।
अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण, विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण एवं असंगठित श्रमिकों के सम्मेलन की अध्यक्षता केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। राज्यसभा सांसद प्रभात झा, महापौर विवेक शेजवलकर, सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ल, विधायक भारत सिंह कुशवाह, लाखन सिंह यादव व श्रीमती इमरती देवी, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नियाज मोहम्मद एवं नगर निगम सभापति राकेश माहौर बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किए गए हैं।
माया सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने सोमवार के अपरान्ह में मेला परिसर पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि इस समारोह में आने वाले सभी हितग्राहियों एवं प्रतिभागियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए।
कमिश्नर एवं आईजी भी पहुँचे
संभाग आयुक्त बी एम शर्मा तथा पुलिस महानिरीक्षक अंशुमन यादव ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष एवं नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।