इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 9वां दिन है। इजराइल 13 जून से अब तक 10 ईरानी न्यूक्लियर साइंटिस्ट्स की हत्या कर चुका है। इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शनिवार को ईरानी सेना के 3 कमांडरों और 4 जवानों को भी मारने का दावा किया है।
ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध में तनाव चरम पर पहुंच गया है. ईरान की तरफ से रात में मध्य इजराइल की तरफ पांच बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार करने के बाद, इजराइल ने ईरान के इस्फहान परमाणु संयंत्र को निशाना बनाकर हवाई हमलों की दूसरी बड़ी स्ट्राइक को अंजाम दिया है. यह ताजा हमला 13 जून को किए गए पहले इजराइली हमलों के बाद हुआ है, जिसमें ईरान में परमाणु और सैन्य दोनों ही बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था.
इस बार लगभग 50 फाइटर जेट्स ने इस अभियान में हिस्सा लिया. इजराइली सेना के मुताबिक इस्फहान में मौजूद यूरेनियम कन्वर्जन और न्यूक्लियर फ्यूल संयंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है. इजराइली अफसरों का दावा है कि हमलों से ईरान की सेंट्रीफ्यूज उत्पादन क्षमता को बड़ा झटका लगा है. सेंट्रीफ्यूज यूरेनियम को समृद्ध करने के लिए जरूरी होते हैं.
ईरान ने दांगीं बैलिस्टिक मिसाइलें
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने मध्य इजराइल पर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे तेल अवीव और आस-पास के कई शहरों में सुबह 2:40 बजे हवाई हमले के सायरन बजने लगे. सभी मिसाइलों को इजराइली वायु रक्षा की मदद से रोक दिया गया. हालांकि किसी के जख्मी होने या सीधे हमले की सूचना नहीं मिली लेकिन एक अवरोधन से निकले मलबे की वजह से एक अपार्टमेंट की इमारत की छत पर आग लग गई. जिसे फायर ब्रिगेड टीम दल को भेजा गया और उन्होंने जल्दी से आग पर काबू पा लिया.
इजरायल ईरान तनाव के बीच हमले
इजरायली अफसरों के मुताबिक 13 जून से अब तक ईरान ने इजरायल को निशाना बनाकर 470 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें और लगभग 1000 ड्रोन लॉन्च किए हैं. इज़रायली वायु सेना ने रात भर में 40 यूएवी को रोका और लॉन्चरों पर हमला किया. शनिवार की रात को IDF खुफिया निदेशालय से मिली खुफिया जानकारी की बुनियाद पर इजरायली वायुसेना ने इस्फहान में मिसाइल लॉन्चरों और एक दोहरे बैरल वाले यूएवी लॉन्चर पर भी हमला किया जो इज़रायल पर हमला करने के लिए तैयार थे.
खामेनेई का उत्तराधिकारी
इस बीच इजराइल से हत्या के खदशे के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने खुद को एक बंकर में महफूज किया है और अपने उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक खामेनेई ने तीन सीनियर मौलवियों के नाम सुझाए हैं और असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स को निर्देश दिया है कि जंग के बीच जल्द से जल्द नया सुप्रीम लीडर तय किया जाए. खास बात यह है कि खामेनेई के बेटे मोजतबा को उत्तराधिकार की दौड़ से बाहर कर दिया गया है. खामेनेई ने अपने करीबी अधिकारियों से कहा है कि अगर उनकी हत्या होती है तो वे इसे शहादत मानेंगे.
ट्रंप ने क्या कहा था?
इस पूरे घटनाक्रम से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि हमें पता है कि ईरान का सुप्रीम लीडर कहां छिपा है. वो आसान टारगेट है लेकिन अभी हम उसे मारने नहीं जा रहे.’ ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा,’हमें ठीक से पता है कि तथाकथित ‘सर्वोच्च नेता’ कहां छिपा है।.वह एक आसान लक्ष्य है, लेकिन वहां सुरक्षित है – हम उसे मारने नहीं जा रहे हैं, कम से कम अभी तो नहीं.