इजराइली रक्षा मंत्री बोले- ईरान ने और मिसाइलें दागीं तो तेहरान जलेगा
पिछले 24 घंटे में ईरान में 138 लोग मारे गए हैं
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शनिवार को ईरान को चेतावनी दी।
रक्षा मंत्री ने ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई का नाम लेते हुए कहा कि अगर खामेनेई ने इजराइली नागरिकों पर और मिसाइलें दागीं, तो तेहरान जल जाएगा।
रक्षा मंत्री ने यह बयान IDF चीफ ऑफ स्टाफ इयाल जमीर, मोसाद डायरेक्टर डेविड बार्निया और इजराइली सेना के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दिया।
काट्ज ने आगे कहा, ईरानी तानाशाह ईरान के नागरिकों को बंधक बना रहा है।
उधर मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल और ईरान के बीच टकराव दूसरे दिन भी जारी है। पिछले 24 घंटे में ईरान में 138 लोग मारे गए हैं। इजराइल ने शुक्रवार रात 10:30 बजे दूसरी बार ईरान के परमाणु ठिकानों पर फाइटर प्लेन से हमले किए। इस हमले में 60 लोगों की मौत हो गई। जबकि 350 से ज्यादा लोग घायल हुए
इजराइल और ईरान युद्ध की बड़ी बातें
1. इजराइल ने 200 फाइटर जेट्स से ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया।
2. इजराइल ने इसे ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ नाम दिया।
3. इजराइली ऑपरेशन में ईरान के 6 वैज्ञानिक, 20 मिलिट्री कमांडर मारे गए।
4. ईरान ने पलटवार किया, इसे ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम दिया। 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं।
5. ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल से इजराइली रक्षा मंत्रालय को हिट करने का दावा किया।
6. नेतन्याहू ने पीएम मोदी से बातचीत की और हालात की जानकारी दी।
7. ट्रम्प ने ईरान को धमकी दी, कहा- परमाणु समझौता करें वरना बड़ा हमला होगा।