जम्मू-कश्मीर के कटरा में वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराया, जिस पर पाकिस्तान को तीखी मिर्ची लगी है और उसने बिलबिलाते हुए बयान जारी कर प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात जारी किए अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को भ्रामक बताया है.
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाले वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया था.
इस दौरान उन्होंने कहा था कि पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना ‘इंसानियत और कश्मीरियत’ पर एक बड़ा हमला है और इसका उद्देश्य भारत में दंगे भड़काना था.
पाकिस्तान ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के जारी बयान में लिखा गया है, “पाकिस्तान भारत के अवैध क़ब्ज़े वाले जम्मू और कश्मीर की स्थिति के बारे में भारत के प्रधानमंत्री की ओर से की गई निराधार और भ्रामक टिप्पणियों को सिरे से ख़रिज करता है.”
“इस तरह के बयान विदेशी कब्ज़े वाले क्षेत्र में हो रहे गंभीर और लगातार मानवाधिकार उल्लंघनों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान हटाने के लिए जानबूझकर किया गया प्रयास है.”
पाकिस्तान ने इस पर भी नाराज़गी जताई है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पहलगाम हमले को लेकर पाकिस्तान पर आरोप लगाया है, लेकिन इसके पक्ष में कोई भरोसेमंद सबूत नहीं दिए.
पाकिस्तान ने एक बार फिर कहा है कि जम्मू-कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विवादित मुद्दा माना गया है, जिसका भविष्य संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों और कश्मीर की जनता की इच्छा के अनुसार किया जाना है.