पॉप स्टार रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग समेत दुनियाभर की कई सेलिब्रिटीज के किसान आंदोलन का समर्थन करने पर भारत की मशहूर हस्तियों ने करारा जवाब दिया है। इन हस्तियों में राजनेता, बॉलीवुड इंडस्ट्री के कलाकार, क्रिकेटर्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा, भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी दो टूक कहा है कि किसी भी मुद्दे पर कोई कॉमेंट करने से पहले तथ्यों की जांच की जानी चाहिए। दरअसल, रिहाना द्वारा सीएनएन का किसान आंदोलन से जुड़ा एक लेख ट्वीट किए जाने के बाद कई अन्य सेलिब्रिटीज ने भी किसानों के सपोर्ट में ट्वीट किए थे। पॉप स्टार ने सबसे पहले ट्वीट करके लिखा था, ”हम इस बारे में क्यों नहीं बात कर रहे हैं? हैशटैग फार्मर प्रोटेस्ट।” सीएनएन के लेख में लिखा गया था कि किसानों और पुलिस की झड़प के बीच नई दिल्ली के आसपास भारत ने इंटरनेट बंद किया। इस ट्वीट के बाद ट्विटर पर वे काफी समय तक ट्रेंड भी करती रहीं। इसके बाद, आज सुबह से ही उन्हें विभिन्न जगत की हस्तियों ने बिना नाम लिए खूब सुनाया। यहां हम आपको उन हस्तियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने इन विदेशी हस्तियों को करारा जवाब दिया है…
पॉलिटिक्स से किस-किस नेता ने दिया जवाब?
राजनैतिक जगत से रिहाना-ग्रेटा आदि को जवाब देने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा आदि शामिल हैं। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा है कि कोई प्रोपेगेंडा भारत की एकता को नहीं तोड़ सकता है। कोई प्रोपेगेंडा भारत को ऊंचाइयां प्राप्त करने से नहीं रोक सकता। भारत का भाग्य कोई प्रोपेगेंडा नहीं, केवल प्रगति तय करेगा। प्रगति के लिए भारत एक है और साथ है। जेपी नड्डा ने जवाब देते हुए कहा कि हम सब साथ हैं। भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने और देश की गलत तस्वीर पेश करने के खिलाफ हम सब एकजुट हैं। सदानंद गौड़ा ने जवाब देते हुए कहा कि विस्तृत चर्चा और बहस के बाद भारतीय संसद ने सुधारवादी कृषि कानून पारित किए। लेकिन निहित स्वार्थों ने प्रचार करके किसान समुदाय के एक छोटे से वर्ग को अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए गुमराह किया।
सरकार के समर्थन में आईं भारतीय हस्तियां
- विदेशी हस्तियों को विदेश मंत्रालय की फटकार के बाद अपनी राय जाहिर करने वालों में अक्षय कुमार सबसे आगे रहे। उन्होंने विदेश मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए हैशटैग #IndiaTogether के साथ लिखा, ‘किसान हमारे देश का बेहद अहम हिस्सा हैं। उनके मसलों का हल निकालने के लिए जो कोशिशें हो रही हैं, वो नजर आ रही हैं। हमारे बीच दरार पैदा करने वालों पर ध्यान देने की बजाय हम इस मसले के हल की उम्मीद करें।’
- भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने भी इसी हैशटैग के साथ लिखा- भारत की सम्प्रभुता से समझौता नहीं हो सकता। विदेशी ताकतें सिर्फ बाहर से देख सकती हैं, वे हिस्सेदार नहीं हो सकतीं। भारतीय ही भारत को जानते हैं और उन्हें ही भारत के बारे में फैसला करना चाहिए।
- डायरेक्टर करण जौहर ने लिखा, ‘हम लोग मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हमें सब्र की जरूरत है। हमारे किसान भारत की रीढ़ हैं। हमें किसी को दरार पैदा करने की इजाजत नहीं देनी चाहिए।’
- एक्टर अजय देवगन और प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एकता कपूर ने लिखा कि हमें किसी भी तरह के प्रोपेगैंडा में नहीं फंसना चाहिए, बल्कि एकजुट रहना चाहिए।
- सुनील शेट्टी ने लिखा, ‘हमें हमेशा बड़ा नजरिया रखना चाहिए। आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ भी नहीं होता है।’