ग्वालियर- मुम्बई में इन्फ़ोकॉम इण्डिया द्वारा आयोजित समिट में ग्वालियर स्मार्ट सिटी को कमांड कंट्रोल सेंटर के अंतर्गत यूनिफ़ाइड कम्प्लेंट मेनेजमेंट सिस्टम के लिए आई॰टी॰ एक्सिलेंस अवॉर्ड प्राप्त हुआ। आई॰टी॰ एक्सिलेंस अवॉर्ड के लिये अनेक शासकीय संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा थी। इस अवॉर्ड को इंडीयन इक्स्प्रेस ग्रुप के सम्पादक श्री निवेदन प्रकाश द्वारा ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सी॰ई॰ओ॰ श्री महीप तेजस्वी को प्रदान किया गया। ग्वालियर स्मार्ट सिटी के अलावा आईटी एवम् संचार विभाग – राजस्थान शासन, भोपाल स्मार्ट सिटी, आईटी विभाग – हिमाचल प्रदेश शासन, आयकर विभाग – दिल्ली, मध्य प्रदेश पुलिस आदि को भी शासकीय विभागों की श्रेणी में सम्मानित किया गया।
ग़ौरतलब है कि कमांड कंट्रोल सेंटर स्मार्ट सिटी की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है तथा इसका उद्देश्य शहर में संचालित अनेक सेवाओं को आई॰टी॰ के माध्यम से एकीकृत करना है। संयुक्त शिकायत प्रबंधन प्रणाली इस कमांड कंट्रोल सेंटर का एक महत्वपूर्ण भाग है। इस मोडयूल के अंतर्गत सी॰एम॰ हेल्पलाइन, सवछ सिटी पोर्टल, मेयर हेल्पलाइन, वी॰आई॰पी॰ पत्र, आयुक्त जनसुनवाई, आयुक्त टी॰एल॰, ज़िलाधीश सुनवाई, ऑनलाइन पोर्टल, टोल फ़्री हेल्पलाइन, सिटी मोबाइल ऐप आदि से जुड़ी शिकायतों की निगरानी एक ही पटल से की जा सकती है। ग्वालियर स्मार्ट सिटी को इन सभी विकल्पों से सम्बंधित लगभग 400शिकायतें प्रतिदिन प्राप्त होती हैं।
जानिए कैसे प्रभावी है यह संयुक्त शिकायत प्रबंधन प्रणाली –
किसी विभाग में प्रतिदिन शिकायत दर्ज कराई जाती हैं।औसतन 5-6 भिन्न पर्टल से ये शिकायतें सम्मिलित कर एक डेस्क पर अंकित की जाती हैं। किसी एक व्यक्ति के लिए इन शिकायतों का प्रबंधन असम्भव है। इन शिकायतों के निराकरण की निगरानी प्रतिदिन रखनी अहम है तथा उस विभाग के अन्तरविभागीय खंडों से उसकी स्थिति जानना भी एक चुनौती है। यदि उस व्यक्ति का कहीं स्थानांतरण हो जाए तो यह स्थिति और भी उलझन भरी हो जाती है। इन परिस्थितियों को देखते हुए एक ऐसे पोर्टल की आवश्यकता महसूस की गई जिस से इन विभागों के बीच के गैप देखे जा सकें व विभागों की निराकरण करने की क्षमता का भी आँकलन किया जा सके।
इसी उद्देश्य के साथ ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने इस प्रणाली को विकसित किया। इस प्रणाली में शिकायतकर्ता अपनी शिकायत को लाइव ट्रैकिंग के माध्यम से उस पर की जा रही प्रक्रिया जान सकता है। शासकीय विभाग को जनता से जोड़ने में भी यह प्रणाली कारगर सिद्ध है। इस प्रणाली के अन्य लाभों में बेहतर सेवा के लिए बिन्दु चिन्हित करना, नीति अथवा प्रक्रिया में सुधार की सम्भावनाएँ खोजना, नागरिकों से संचार को बेहतर बनाना, वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी भेजना तथा शहरीय सेवाओं को बेहतर बनाना मुख्य हैं।
इन्फ़ोकॉम इण्डिया समिट का आयोजन 18-20सितम्बर को किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में देश-विदेश से शासकीय व निजी संस्थानों ने भाग लिया । कार्यक्रम का आयोजन मुंबई स्थित बॉम्बे एग्ज़िबिशन सेंटर में किया गया। इस कार्यक्रम में आई॰टी॰ व सम्बंधित क्षेत्रों से जुड़े इंडस्ट्री एक्स्पर्ट्स नवीनतम तकनीक व उसके उपयोगों की जानकारी प्रतिभागियों से साझा करते हैं। इस समिट में “ ई – गवर्नेंस में उभरती प्रौद्योगिकी का उपयोग” विषय पर वृहद चर्चा भी की गई।