ग्वालियर 16 जून 2026/मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव को लेकर मंगलवार 16 जून का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। व्हाइट हाउस से टिकट नहीं मिलने के बाद पहली बार वरिष्ठ उद्योगपति एवं चेंबर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने व्यापारियों की सार्वजनिक बैठक बुलाई है। व्यापारिक और औद्योगिक हलकों में चर्चा है कि इस बैठक में डॉ. अग्रवाल अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
चेंबर चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच क्रिएटिव हाउस द्वारा सोमवार देर शाम अपने प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने के बाद चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। क्रिएटिव हाउस के प्रमुख राधेश्याम भाकर ने विजय गोयल, हेमंत गुप्ता, मुकेश अग्रवाल एवं महेश मुदगल की उपस्थिति में संयुक्त अध्यक्ष पद के लिए सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष पद के लिए संदीप नारायण अग्रवाल, सचिव पद के लिए राकेश अग्रवाल (रोम कम्प्यूटर), सह सचिव पद के लिए राकेश अग्रवाल (श्रीराम गारमेंट) तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए अजय गोयल को प्रत्याशी घोषित किया।

अपने समर्थकों के साथ डॉ प्रवीण अग्रवाल
हालांकि क्रिएटिव हाउस ने अभी तक अध्यक्ष पद के लिए किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हाउस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी नहीं उतारा जा रहा है।
इस संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में क्रिएटिव हाउस के प्रमुख राधेश्याम भाकर ने कहा कि यदि उनका प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर नहीं उतारा जाता है तो हाउस किसी भी योग्य अथवा निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने पर विचार कर सकता है।
भाकर के इस बयान के बाद व्यापारिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि यदि डॉ. प्रवीण अग्रवाल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरते हैं तो क्रिएटिव हाउस उनका समर्थन कर सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों और व्यापारिक वर्ग के जानकारों का मानना है कि अध्यक्ष पद पर अभी तक प्रत्याशी घोषित न करने के पीछे भी इसी संभावना को देखा जा रहा है।
अब सभी की निगाहें 16 जून को आयोजित डॉ. प्रवीण अग्रवाल की बैठक पर टिकी हुई हैं। यदि इस बैठक में वे चुनाव लड़ने की घोषणा करते हैं तो चेंबर चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है और उनके चुनाव लड़ने को लेकर बना संशय भी समाप्त हो जाएगा।