ग्वालियर 18 जून 2026/डॉ प्रवीण अग्रवाल के व्हाइट हाउस से बगावत करने के बाद आज व्हाइट हाउस के एक और मजबूत स्तम्भ माने जाने वाले व्यापारी ओमप्रकाश अग्रवाल लल्ला भैया ने व्हाइट हाउस को अलविदा करते हुए संयुक्त अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की घोषणा करके सनसनी फैला दी। इस प्रकार व्हाइट हाउस की एकता अब पूरी तरह से तार तार होती नजर आ रही है।
उल्लेखनीय है कि डॉ प्रवीण अग्रवाल जो कि वर्तमान में चेम्बर के अध्यक्ष भी हैं उन्हें व्यापारियों का मजबूत समर्थन हासिल होने के बावजूद उनके व्हाइट हाउस के प्रमुख अरविन्द अग्रवाल ने अध्यक्ष पद का टिकिट काटकर एक अन्य व्यापारी पारस जैन को दे दिया था इसके बाद से ही व्हाइट हाउस में व्यापारियों के बीच आक्रोश व्याप्त हो गया था इसी के चलते बुधवार को डॉ प्रवीण अग्रवाल ने अपने समर्थक व्यापारियों की भारी भीड़ के बीच व्हाइट हाउस से बगावत करते हुए खुद के निर्दलीय रूप से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था।
अब आज व्हाइट हाउस के ही ओमप्रकाश अग्रवाल लल्ला भैया ने इस हाउस से अलग होकर संयुक्त अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने का निर्णय लेकर चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
उल्लेखनीय है कि ओमप्रकाश लल्ला को प्रवीण अग्रवाल का नजदीकी माना जाता है अतः अब संभावना है कि फिलहाल निर्दलीय चुनाव लड़ रहे डॉ अग्रवाल भी ओमप्रकाश साथ आकर कोई नए हाउस की घोषणा करके एक पूरे पैनल को ही मैदान में उतार दें फिलहाल तो यह कयास है और वर्तमान में सबसे बड़े संकट में व्हाइट हाउस घिरता नजर आ रहा है। उल्लेखनीय है कि चेम्बर चुनाव के लिए 17 जुलाई को वोट डाले जाने हैं और अभी प्रत्यासिओं की घोषणाएं की जा रही हैं।