–भारत माता, राम दरबार और लक्ष्मीबाई की झांकियों ने मन मोह लिया
ग्वालियर18 जून 2026/वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर गुरुवार को,भव्य मातृ शक्ति शौर्य यात्रा निकाली गई। बैजाताल से शुरू हुई यह यात्रा लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर संपन्न हुई, जहां मातृशक्ति ने भारत माता की आरती कर झांसी की रानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
यात्रा में बग्घी में सवार भारत माता की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इसके पीछे हजारों की संख्या में शामिल मातृशक्ति हाथों में भगवा ध्वज लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रही थी। देश की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे सब करेंगे, देश की सेवा कौन करेगा, हम करेंगे सब करेंगे, भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जिस हिंदू का खून न खौले, खून नहीं वो पानी है, अगर देश के काम न आए तो बेकार जवानी है, जय शिवाजी, जय भवानी जैसे उद्घोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो उठा।
शौर्य यात्रा में राम दरबार की आकर्षक झांकी, घोड़े पर सवार महारानी लक्ष्मीबाई झांकी तथा राजपूताना वेशभूषा में मातृशक्ति की टुकडिय़ों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रभक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ रहीं महिलाओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के आदर्श और सांस्कृतिक गौरव को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। यात्रा के माध्यम से महिलाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता का भी दिया संदेश
मातृशक्ति ने इस अवसर पर नागरिक कर्तव्य के प्रति जागरूकता का परिचय भी दिया। यात्रा के समापन पर मातृशक्ति को ठंडाई वितरित की गई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संगम बनी यह शौर्य यात्रा शहरवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी।