नई दिल्ली. जया बच्चन पर विवादित बयान देने के बाद राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने मंगलवार को खेद जाहिर किया। उन्होंने कहा कि वे किसी को ठेस पहुंचाना नहीं चाहते थे। उधर, जया ने कहा- जिद्दी महिला हूं, कोई जवाब नहीं दूंगी। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश से जया बच्चन को राज्यसभा का टिकट दिया था। इसके बाद नरेश अग्रवाल सोमवार को बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने कहा- नाचने वाली के लिए मेरा टिकट काट दिया गया। इस बयान पर सीनियर बीजेपी लीडर सुषमा स्वराज और स्मृति ईरानी ने ऐतराज जाहिर किया था।
– नरेश अग्रवाल ने कहा, “अगर मेरी बात से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। मैंने जो कहा था, उसे अलग एंगल दे दिया गया। मैं किसी को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता था।” अग्रवाल से जब बयान पर माफी मांगने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “खेद का मतलब आप समझते हैं।”