बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान को करारी चोट दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सौरव गांगुली ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश में विश्व एकादस के खिलाफ होने वाले दो टी20 मैचों में कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं शामिल होगा. एशियाई प्लेइंग इलेवन में भारत, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाड़ी ही होंगे. पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी नहीं शामिल किया जायेगा.
बीसीसीआई के संयुक्त सचिव जयेश जॉर्ज के अनुसार एशिया एकादश की टीम में खेलने के लिए किसी पाकिस्तानी टीम को नहीं बुलाया जाएगा. एशिया की टी20 टीम में पाकिस्तान का कोई खिलाड़ी नहीं होगा. दोनों देशों के खिलाड़ियों का एक साथ आने या एक दूसरे को चुनने का कोई सवाल ही नहीं है. जयेज जॉर्ज ने आगे बताया कि सौरव गांगुली उन पांच खिलाड़ियों का फैसला करेंगे जो एशियाई टीम का हिस्सा होंगे.
गौरतलब है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) बांग्लादेश के संस्थापक और ‘बंगबंधू’ के नाम से मशहूर शेख मुजीबुर रहमान की जन्म शताब्दी मनाने जा रहा है और इस अवसर पर वह मार्च में एशिया इलेवन और वर्ल्ड इलेवन के बीच दो टी20 मैचों की सीरीज का आयोजन करेगा. बड़ी बात ये है कि आईसीसी ने इस मैच को आधिकारिक दर्जा दिया है.
पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी हो रही है. दोनों देशों के बीच तब माहौल बिगड़ गया जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख एहसान मनी ने कहा कि भारत में सुरक्षा स्थिति पाकिस्तान से भी ज्यादा खराब है. इसके अलावा पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर राशिद लतीफ ने चार देशों के प्रस्तावित टूर्नामेंट के बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली के आइडिया को भी बकवास बताया था.