अलीगढ़ मुस्लिम युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद अमीर रशीद ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर का मुंह काला करने वाले को 11 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बुधवार को कहा था कि बीजेपी 2019 में लोकसभा चुनाव जीतती है तो भारत हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा। युवा नेता अमीर रशीद ने कहा कि ये समझ के बाहर है कि इस तरह के बयान का क्या मतलब है। थरूर के इस बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है। बीजेपी जहां थरूर के बयान के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस ने इस पर अब तक कोई सफाई नहीं दी है।
थरूर के बयान की निंदा करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद अमीर रशीद ने कहा कि कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने ऐसा कहकर सिर्फ हिंदुओं को ही नहीं बल्कि राष्ट्रवादी मुसलमानों को भी दुख पहुंचाया है। सच तो ये है कि भारत में मुस्लिम और हिंदू साझा विरासत साझा करते हैं लिहाजा किसी शख्स को बोलने से पहले गंभीरता से सोचना चाहिए कि वो आखिर क्या कह रहा है। थरूर ने इसे अपमानित करने की कोशिश की है, जो भी शख्स शशि थरूर का मुंह काला करेगा, उसे मेरी तरफ से 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह गैर जिम्मेदार बयान कांग्रेस नेतृत्व द्वारा समर्थित है और न केवल हिंदुओं बल्कि देशभक्त मुस्लिमों को भी नुकसान पहुंचाता है और केवल एक महान राष्ट्र में रहने वाले हिंदुओं और मुसलमानों को विभाजित करने का प्रयास है।
राशिद ने कहा कि ये सीधे तौर पर हिंदू संस्कृति पर हमला है। युवा नेता ने कहा कि देश की जनता थरूर और कांग्रेस को इस गैरजिम्मेदाराना बयान के लिए माफ नहीं करेगी। राशिद ने कांग्रेस को चेताया कि इसका परिणाम 2019 लोकसभा चुनाव में भुगतना होगा। राशिद ने थरूर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर उनको पाकिस्तान से इतना प्यार है तो वहीं चले जाएं। वहीं शशि थरूर के बयान को लेकर बीजेपी राहुल गांधी से मांफी की मांग पर अड़ी हुई है।