Homeदेशदाऊद की सम्पतियों की नीलामी पूरी, चक्रपाणि का शौचालय बनाने का सपना...

दाऊद की सम्पतियों की नीलामी पूरी, चक्रपाणि का शौचालय बनाने का सपना नहीं हो सका पूरा

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की तीन संपत्तियां आज नीलाम हो गईं। इसके साथ ही अखिल भारत हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि का सपना भी टूट गया। दरअसल, उन्‍होंने अंडरवर्ल्‍ड डॉन के होटल पर शौचालय बनाने की बात कही थी लेकिन अब जबकि वह डॉन की संपत्तियों को खरीदने में नाकाम रह चुके हैं तो उनका यह सपना धूमिल हो गया है। आपको बता दें कि इन संपत्तियों की नीलामी चर्चगेट इलाके के इंडियन मर्चेंट चैंबर में हुई। गौरतलब है कि सीबीआइ ने 1993 में हुए मुंबई सीरियल धमाकों के आरोपी दाऊद की कुल 10 सम्पतियां जब्त की थीं। इनमें से तीन रौनक अफरोज होटल, डाम्बरवाला बिल्डिंग और शबनम गेस्ट हाउस इमारत की नीलाम हुई है। इसके लिए बड़ी संख्या में लिफाफेबंद आदेवन आए थे। साथ ही ई-ऑक्शन के जरिए भी कुछ लोगों ने बोली में हिस्‍सा लिया था

सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने 11.5 करोड़ रुपए में दाऊद की संपत्तियों को खरीदा। बताया जा रहा है कि रौनक अफरोज होटल 4.53 करोड़ रुपए, डांबरवाला बिल्डिंग 3.53 करोड़ रुपए और शबनम गेस्ट हाउस 3.52 करोड़ रुपए में बिकी। इन संप‍त्तियों में शामिल होटल के लिए पिछली बार पत्रकार एस बालाकृष्णन ने चार करोड़ 28 लाख रुपए की सबसे बड़ी बोली लगाई थी, लेकिन वह रकम चुका नहीं सके थे।

चक्रपाणि ने रौनक अफरोज की जगह ही शौचालय बनाने की बात कही थी। यहां पर आपको यह बताना भी जरूरी होगा कि होटल रौनक अफरोज को ‘दिल्ली जायका’ के नाम से जाना जाता है। केंद्र सरकार ने नीलामी के असफल प्रयास के दो साल बाद इस होटल के लिए फिर से निविदाएं आमंत्रित की थीं। इसमें चक्रपाणि ने भी हिस्‍सा लिया था। उस वक्‍त उन्‍होंने कहा था कि नीलामी में होटल अफरोज को खरीदने के बाद, जनता के लिए वहां एक भव्य शौचालय बनवाएंगे। हर कोई इस शौचालय का मुफ्त में इस्तेमाल कर सकेगा। उनके मुताबिक वह ऐसा करके यह बताना चाहते थे कि जनता भी देखे कि आतंकवाद का अंत कैसा होता है। उनका कहना था कि वह इस सुलभ शौचाल्‍य का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस से कराएंगे।

चक्रपाणि ने खरीदी थी डॉन की कार

दिसंबर 2015 में चक्रपाणि ने दाऊद की हरे रंग की हुंडई एसेंट कार 32,000 रुपये में खरीदी थी। इसे बाद में उन्होंने दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित अपने घर के बाहर आग लगा दी थी। इसके अलावा उन्‍होंने दाऊद की नागपाड़ा वाली संपत्ति पर भी गरीबों के लिए एक डिस्पेंसरी खोलने की बात कही थी। इस संपत्ति को एक वकील और उनके मित्र अजय श्रीवास्‍तव ने खरीदा है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments