कोर्ट के आदेश पर सदर थाने में फिल्मी हस्तियों पर एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को केस के आईओ दारोगा हरेराम पासवान सभी आरोपितों के नाम व पते का सत्यापन करने में जुटे रहे। सदर थानेदार ने कोर्ट के आदेश के आलोक में फिल्मी हस्ती अपर्णा सेन, एएजी कृष्ण, शुभा मुदगल, सौमित्र चटर्जी, रेवती, कोंकणा सेन, श्याम बेनेगल, मणिरत्णम समेत 54 को आरोपित किया है।
आईओ नाम और पते जुटाने के बाद उसे मुंबई पुलिस को सौंपेंगे। आरोप है कि देश में असहिष्णुता और उन्मादी हिंसा का महौल बताकर इन फिल्मी हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। इसके बाद मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट के अधिवक्ता सुधीर ओझा ने इस संबंध में कोर्ट में परिवाद दायर किया था। कोर्ट से कहा था कि ये फिल्मी हस्ती देश का नाम बदनाम करने का प्रयास किये हैं। कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए एफआईआर करने का आदेश सदर थानेदार को दिया था।