Homeप्रमुख खबरेंधार मां वाग्देवी के दर्शन कर महाआरती में शामिल हुए जयभान...

धार मां वाग्देवी के दर्शन कर महाआरती में शामिल हुए जयभान सिंह पवैया

बोले-“700 साल बाद सनातनियों को मिली दूसरी बड़ी जीत, सत्य को सत्य माना गया”

 राम मंदिर चोरी मामले में एसआईटी जांच पर जताया भरोसा

धार30जून 2026/मध्य प्रदेश  वित्त आयोग के अध्यक्ष, बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रखर वक्ता जयभान सिंह पवैया मंगलवार को धार भोजशाला में मां वाग्देवी सरस्वती मंदिर पहुंचे। धार पहुंचने पर सर्किट हाउस में जिला भाजपा अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद जयभान सिंह पवैया भोजशाला परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन व पूजा अर्चन कर महाआरती में भाग लिया तथा परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पवैया ने कहा कि भोजशाला पहुंचकर वे आज भावनाओं से सराबोर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 1996 का मंजर आज भी स्मृति में ताजा है, जब आंदोलन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, अश्वबल का प्रयोग किया गया था और भोजशाला आंदोलनकारियों को जेल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि उस संघर्ष में शामिल सभी सनातनी योद्धाओं एवं बलिदानियों को वे नमन करते हैं, जिन्होंने वर्षों तक आंदोलन को जीवित रखा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर विजय मिली, उसी प्रकार भोजशाला का निर्णय भी सनातन समाज की ऐतिहासिक उपलब्धि है। उनके अनुसार यह 700 वर्षों बाद मिली दूसरी बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि भोजशाला में सत्य को सत्य माना गया है और यह स्थान मालवा का नालंदा है। मुख्यमंत्री द्वारा सरस्वती लोक की घोषणा तथा आंदोलन के बलिदानियों के सम्मान को उन्होंने सराहनीय बताते हुए साधुवाद दिया।
अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पवैया ने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी।
भोजशाला दर्शन के पश्चात जयभान सिंह पवैया भाजपा के वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा एवं धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा के निवास पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया और सौजन्य भेंट हुई। इसके बाद वे भोजशाला आंदोलन से जुड़े सनातनी हेमंत दोराया के निवास पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मृणाल दोराया ने उन्हें मां वाग्देवी का चित्र भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के जयघोष लगाए और पवैया का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर हिंदू उत्सव समिति व भोजशाला आंदोलन के प्रमुख कार्यकर्ता अशोक जैन, गोपाल शर्मा, हेमंत दौराया, विश्वास पांडे, सुरेशचंद्र जलोदिया आदि प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments