शब्द शक्ति न्यूज़ की आज सुबह व्यक्त की गई आशंका सही साबित हुई , ग्वालियर कांग्रेस की कार्यकारिणी पर जोरदार विद्रोह के बाद ‘ब्रेक’ — बवाल के आगे झुके जीतू पटवारी
ग्वालियर 30 जून 2026/जिस राजनीतिक विस्फोट की आशंका शब्द शक्ति न्यूज़ ने आज कार्यकारिणी घोषित होते ही जता दी थी, आखिरकार वही हुआ। ग्वालियर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी जारी होते ही पार्टी के भीतर ऐसा घमासान मचा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को कुछ ही घंटों में अपने फैसले पर पीछे हटना पड़ा। बढ़ते विरोध और चौतरफा नाराजगी के बीच पटवारी ने आज आधिकारिक आदेश जारी कर पूरी जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि आज कांग्रेस की ग्वालियर जिला कार्यकारिणी घोषित होते ही असंतोष फूट पड़ा था लतीफ खान मल्लू एवं ऊदल सिंह ने सचिव पद से इस्तीफा दे दिया था पुरानी कार्यकारिणी में जिला महासचिव पद पर रहे पिकी पंडित और पप्पू श्रीवास भी डिमोशन कर सचिव बनाए जाने से नाराज हैं। पिंकी पंडित ने प्रवीण पाठक से बात की थी
यहां बता दें कि की लतीफ खान मल्लू दर्शन सिंह की कार्यकारिणी में संगठन महामंत्री और ऊदल सिंह देवेन्द्र शर्मा के कार्यकाल में जिला उपाध्यक्ष थे। दोनों अपने जबरदस्त डिमोशन से नाराज हैं।

इसके साथ ही कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। आरोप लगे कि नियुक्तियों में संगठन की भावना की अनदेखी की गई और कई समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई। देखते ही देखते विरोध इतना तेज हो गया कि प्रदेश नेतृत्व के सामने कार्यकारिणी स्थगित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था
हालांकि कार्यकारिणी पर रोक लगाने के बावजूद कांग्रेस का अंदरूनी तूफान थमता दिखाई नहीं दे रहा है। नाराज नेताओं का कहना है कि केवल कार्यकारिणी स्थगित कर देने से मामला खत्म नहीं होगा। वे पूरी चयन प्रक्रिया की समीक्षा, जवाबदेही तय करने और नए सिरे से संतुलित कार्यकारिणी गठित करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि ग्वालियर कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है और इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस राजनीतिक संकट से कैसे निकलता है और नई कार्यकारिणी कब घोषित होती है।
फिलहाल इतना तय है कि ग्वालियर कांग्रेस की कार्यकारिणी की घोषणा संगठन को मजबूत करने के बजाय नए विवाद का कारण बन गई है, और शब्द शक्ति न्यूज़ द्वारा जताई गई आशंका पूरी तरह सही साबित हुई।