बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर हाथ जोड़कर माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी तरह का भेद या बंटवारा करना नहीं था. किसी के मन को ठेस पहुंची है, तो वे क्षमा मांगते हैं.
धीरेंद्र शास्त्री की ये माफी तब आई है, जब चारों ओर से उन पर सवाल उठने लगे थे. नेता से लेकर संत समाज तक के लोग उनके विरोध में आ गए थे.
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में 29 अक्टूबर को श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि तुम्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं. खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव. कमर कहीं लचकाएं. फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं. जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं. उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे. तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े.’
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि हमारे भगवान का धाम भी एकदम सीधा- अयोध्या और तुम्हारे वाले का वृंदावन. वृंदावन शब्द उन्होंने जोर देते हुए कहा और अपने दोनों हाथ फैला दिए. उनके इसी बयान पर विरोध हुआ था.
अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए. वहीं मथुरा के संत भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भड़क गए.एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, ‘मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं. पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं. नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे. यही इनके अक्षम्य पाप का दंड होना चाहिए, नहीं तो वो भी ईशनिंदा के पाप का भागी बनकर अपना लोक-परलोक बिगाड़ लेगा.’ अखिलेश ने आगे लिखा कि मनुष्य का दंभ इतना भी नहीं होना चाहिए कि वो अपने को ईश्वर से ऊपर समझने लगे.वहीं तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में धीरेंद्र शास्त्री को निशाने पर लेते हुए लिखा, ‘यह नफरती लोग पहले इंसान को बांटते थे, अब भगवान को बांटने लगे. राजनीतिक लोभ में और कितना नीचे गिरेंगे?’सुप्रिया श्रीनेत और भूपेश बघेल ने भी की आलोचना
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी धीरेंद्र शास्त्री को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि लोगों को बांटने से मन नहीं भरा कि आराध्यों को भी बांटने लगे? ठाकुर जी को टेढ़ा मेढ़ा कहना पाप है. वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने तो धीरेंद्र शास्त्री को ढोंगी बाबा करार दिया. एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘कोई तो ‘केमिकल लोचा’ है. इनकी रेबीज़ वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा. हिंदू-हिंदू करते करते अब यह ढोंगी बाबा हिंदुओं के आराध्य देवी देवताओं की खिल्ली उड़ाने लगा. कहां हो हिंदू धर्म के कायर ठेकेदारों??? भावनाएं आहत नहीं हो रही हैं???’
पप्पू यादव FIR दर्ज कराने पहुंचे
धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ गुस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ. बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने संसद मार्ग थाने पहुंचे. वैसे ये कोई पहली बार नहीं जब धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों को लेकर सवालों के घेरे में आए हो. इससे पहले भी वो कई बार ऐसे बयान दे चुके है, जिन पर विवाद हो चुका है. फिर चाहे वो संत तुकाराम की पत्नी पर टिप्पणी हो या साईं बाबा को लेकर दिया बयान हो या फिर अली और बजरंगबली वाला विवाद हो. और इस बार राम-कृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी.