वडोदरा 11 जनवरी 2026/ वडोदरा खेले गए पहले वनडे मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 49 ओवरों में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया. विराट कोहली ने सबसे अधिक 93 रन बनाए.
उनके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 56, श्रेयस अय्यर ने 49 और रोहित शर्मा ने 26 रन की पारी खेली.
अंत में केएल राहुल ने टीम को जीत दिलाई. उन्होंने 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली.
इस मैच के दौरान विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 28 हज़ार रन भी पूरे किए. इसके साथ ही उन्होंने रनों के मामले में पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया है.
अब वह सिर्फ़ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं.
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. न्यूज़ीलैंड की टीम ने 50 ओवरों में आठ विकेट खोकर 300 रन बनाए थे.