पुरी जगन्नाथ धाम से बुधवार सुबह-सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मंदिर के परिक्रमा मार्ग की दीवारों पर आतंकवादी हमले की धमकी से जुड़े हस्तलिखित संदेश पाए गए, जिससे श्रद्धालुओं और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ये संदेश बालीसाही स्थित मां बुढ़ी ठाकुरानी मंदिर की दीवारों पर दो स्थानों पर लिखे मिले। संदेश में लिखा था कि आतंकवादी श्रीमंदिर को तोड़ देंगे। मुझे फोन करो, नहीं तो विनाश होगा। इसके साथ कई मोबाइल नंबर भी लिखे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम भी लिखा है।
इतना ही नहीं वहां लगे एकाधिक डेकोरेटिव लाइट को भी तोड़ दिया गया है। इस घटना से जुड़े कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह सचमुच आतंकी धमकी है या किसी की शरारत? आखिर किसी ने आतंकवादियों का नाम लेकर ऐसा क्यों लिखा? प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है।
श्री मंदिर परिसर और आसपास पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच युद्ध स्तर पर जारी है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब 29 जुलाई को एक युवक को मंदिर में छुपा कैमरा लेकर पकड़ा गया था। वह अपने चश्मे में लगे विशेष लेंस से मंदिर की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था, जो सीधे उसके मोबाइल में ट्रांसफर हो रहे थे।