Homeदेशब्रिटेन ने अपने नागरिकों से कहा कश्मीर जानें से करें परहेज

ब्रिटेन ने अपने नागरिकों से कहा कश्मीर जानें से करें परहेज

नई दिल्ली: ब्रिटेन ने भारत आने वाले अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है और जम्मू-कश्मीर का खास तौर पर जिक्र करते हुए कहा कि यहां जाने से परहेज करें. विदेशी एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय (एफसीओ) ने केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार की तरफ से जारी किए गए आदेश का भी जिक्र किया है, जिसमें अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों से लौटने के लिए कहा गया है. एफसीओ ने बम, ग्रेनेड हमले, गोलीबारी और अपहरण सहित अप्रत्याशित हिंसा का खतरा जताया है. ब्रिटेन सरकार ने कहा कि एफसीओ जम्मू शहर, एयर माध्यम से जम्मू की यात्रा और लद्दाख को छोड़कर जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में नहीं जाने की सलाह देता है.

एफसीओ ने कहा, ”2 अगस्त 2019 को भारतीय मीडिया ने रिपोर्ट किया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने पर्यटकों और अमरनाथ यात्रियों को सलाह दी है कि वे कश्मीर घाटी में अपने प्रवास को तुरंत रोक दें और सुरक्षा खतरों के कारण जल्द से जल्द घर लौटने के लिए आवश्यक उपाय करें. नई दिल्ली स्थिति ब्रिटिश हाई कमीशन पूरी घटना की निगरानी कर रहा है. यदि आप जम्मू और कश्मीर में हैं, तो आपको सतर्क रहना चाहिए, स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करना चाहिए.

एफसीओ ने एडवाजरी में कहा, ”जम्मू-कश्मीर में सैन्य ठीकानों और अन्य जगहों पर कई आतंकी हमले हुए हैं. 14 फरवरी 2019 को आतंकियों ने भारतीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए जम्मू-श्रीनगर के बीच हाईवे पर हमला किया और कई मारे गए.” एफसीओ ने सुंजवान में हुए हमले और विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया. विदेशी एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय ने कहा, ”आपको सतर्क रहना चाहिए और स्थानीय मीडिया की निगरानी करनी चाहिए और स्थानीय अधिकारियों और अपनी यात्रा कंपनी की सलाह का पालन करना चाहिए.”

क्यों बढ़ी हलचल?

आपको बता दें कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने 10 हजार अतिरिक्त सुरक्षाबल भेजे थे और अमरनाथ यात्रियों से कहा कि वह वापस लौट जाएं. यही नहीं पिछले दिनों एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि केंद्र ने 28 हजार अतिरिक्त जवानों को जम्मू-कश्मीर भेजने का फैसला किया है. हालांकि बाद में केंद्र ने इस दावे को खारिज किया. जम्मू-कश्मीर से 35A हटाने को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments