प्रवीण दुबे
पहले मुख्यमंत्री के पास तुलसी सिलावट पहुंचे आग्रह लेकर पीछे से सांसद भारत सिंह ने मुख्यमंत्री को लिख दिया पत्र
अब मेला में रोड टैक्स की छूट के विषय को लेकर एकबार फिर भाजपा के भीतर ज्योतिरादित्य सिंधिया और ग्वालियर सांसद भारत सिंह जिन्हे विधानसभा अध्यक्ष नरेंन्द्र सिंह का निकट माना जाता है के बीच जारी श्रेय की लड़ाई फिर खुलकर सामने आ गई है। देखना दिलचस्प होगा कि इसमें किसे सफलता मिलती है।
मेला में बिकने वाले वाहनों को रोड टैक्स में छूट दिलाने के लिए आज सिंधिया गुट से संबंध रखने वाले ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास पहुंचे और पत्र सौंपकर रोड टैक्स में छूट का आग्रह किया श्री सिलावट ने उक्ताशय का सरकारी समाचार भी फोटो सहित जारी कराया ताकि इसका श्रेय सिंधिया गुट को मिल सके।


लेकिन घटनाक्रम के तुरंत बाद ही इसी विषय को लेकर ग्वालियर सांसद भारत सिंह से जुड़ा एक समाचार मीडिया प्लेटफार्म पर ट्रेंड करने लगा इसमें बताया गया कि भारत सिंह कुशवाह ने ग्वालियर व्यापार मेला में वाहनों की खरीददारी पर रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट की मांग करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि ग्वालियर व्यापार मेला मध्यभारत क्षेत्र का एक मात्र व्यापार मेला है, जिसमें पूर्व के वर्षों मेें वाहनों की खरीददारी पर रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट प्रदान क ी जाती रही है। इसे लेकर ग्वालियर के नागरिक, व्यापारी संगठन एवं ऑटोमोबाइल संगठन लगातार मांग उठा रहे हैं। अत: गतवर्षों की भांति इस वर्ष भी निजी उपयोग के लिए खरीदे जाने वाले वाहनों पर अविलंब रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट की अधिसूचना जारी की जाए, जिससे ग्वालियर मेला को गति मिल सके। वाहनों पर रोड टैक्स में छूट मिलने से मेला कारोबार कई गुना बढ़ जाता है, वहीं मेला की रौनक भी बढ़ जाती है।
इस समाचार के साथ वह पत्र भी प्रेषित किया गया जो ग्वालियर सांसद ने मुख्यमंत्री को भेजा है। हालांकि मुख्यमंत्री मोहन यादव की तरफ से अभी मेला रोड टैक्स छूट को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। लेकिन इस घटनाक्रम ने एकबार पुनः सिंधिया गुट और विधानसभा अध्यक्ष के निकटस्थ सांसद भारत सिंह के बीच श्रेय लेने की लड़ाई को फिर सामने ला दिया है साथ ही पार्टी में तार तार होते समन्वय की पोल खोल दी है।