भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) में चौथी बार रूस के खिलाफ न बोलने का निर्णय लिया है। भारत ने यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य कार्रवाई की जांच के प्रस्ताव को लेकर हुए वोटिंग में भी हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, यूएनएचआरसी ने यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य कार्रवाई की एक स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग स्थापित करने का फैसला किया है।
संयुक्त राष्ट्र की 47 सदस्यीय इस परिषद में यूक्रेन में मानवाधिकारों की स्थिति पर एक मसौदा प्रस्ताव पर मतदान हुआ। प्रस्ताव पारित कर दिया गया। प्रस्ताव के पक्ष में 32 मत पड़े जबकि दो वोट (रूस और इरित्रिया) इसके खिलाफ पड़े, वहीं भारत, चीन, पाकिस्तान, सूडान और वेनेजुएला सहित 13 देशों ने इस मतदान में हिस्सा नहीं लिया।