भारत और पाकिस्तान के बीच दो विश्व कप मैचों का हिस्सा रहे पूर्व कप्तान भारतीय कप्तान और मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रविवार को दोनों टीमों के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली का मानना है कि विराट कोहली की टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपना शतप्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखने में मदद मिलेगी। 1992 के बाद से, भारत और पाकिस्तान 12 बार वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुए हैं, जिसमें से भारत का वनडे में 7-0 और टी-20 में 5-0 का रिकॉर्ड रहा है।
गांगुली ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा, ‘हां 13-0 होने की बहुत बड़ी संभावना है और भारत इस विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी नाबाद बढ़त का विस्तार कर रहा है। इस भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी वास्तविक मैच विजेता हैं और यह टीम विश्व कप जीतने के हमारे 10 साल के इंतजार को आखिरकार खत्म कर सकती है। पाकिस्तान की टीम भी एक अच्छी टीम है। अगर एक या दो खिलाड़ी चल गया तो कुछ भी हो सकता है। मानसिक लड़ाई जीतना जरूरी है। मुझे लगता है कि यह एक शानदार मैच होगा।’
2013 के बाद से, भारत कई मौकों पर आईसीसी ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंचकर इससे महरूम रह गया है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2014 और चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पहुंची थी, जबकि 2015 और 2019 विश्व कप और 2016 विश्व टी20 में सेमीफाइनल में पहुंचे थी। लेकिन टीम एक बार भी खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई। गांगुली ने कहा, ‘भारत 2011 के साथ-साथ 2007 में भी विश्व कप जीता था। हमने 2003 और 2014 में फाइनल खेला। 2017 में भी हमने चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला, लेकिन पाकिस्तान से हार गए। भारतीय क्रिकेट इतना मजबूत है कि हमें मौके मिलते रहेंगे और फाइनल खेलेंगे। इस साल भी हम आशान्वित हैंद और मुझे लगता है कि भारत एक बड़ा दावेदार है।’