प्रदेश में वर्ष भर होंगे वंदे मातरम् गीत से जुड़े आयोजन
मुख्यमंत्री ने किया पुस्तक “वंदे मातरम्-एक क्रांति गीत का साहित्येतिहासिक अध्ययन” का विमोचन
150 कलाकारों ने समवेत स्वर में दी वंदे मातरम् गीत की प्रस्तुति
प्रधानमंत्री मोदी ने की राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें स्मरणोत्सव पर वर्ष भर चलने वाले समारोह की शुरूआत
ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंन्द्र तोमर एवं ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न तोमर के मुख्य आतिथ्य में हुआ जिला स्तरीय समारोह का आयोजन
ग्वालियर के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर आयोजित हुआ कार्यक्रम जयभान सिंह पवैया ने किया सम्बोधित
भोपाल 07 नवम्बर 2025/ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वां स्मरणोत्सव आज मध्यप्रदेश में भी धूम धाम से मनाया गया इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वंदे मातरम् हर भारतीय की चेतना का स्वर है। यह सिर्फ राष्ट्रगीत नहीं, हमारा प्राण गीत भी है। वंदे मातरम वह उद्घोष है जिसने पराधीन भारत की धमनियों में स्वाभिमान का रक्त प्रवाहित किया। वंदे मातरम् ने देश में आजादी का अलख जगाया। वर्ष 1875 में स्वतंत्रता सेनानी बंकिमचंद्र चटर्जी की कलम से अमर गीत वंदे मातरम् की रचना हुई। उनके उपन्यास “आनंद मठ” की इस रचना से क्रांति का शंखनाद हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की कल्पनाशीलता से आज वंदे मातरम् के 150वें स्मरणोत्सव के विशेष आयोजन हो रहे हैं। विभिन्न जिलों में प्रदेशवासी भी स्मरणोत्सव में भाग लेकर मातृभूमि के प्रति देशभक्ति और कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150वें स्मरणोत्सव पर शौर्य स्मारक में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
वंदे मातरम् गीत की 120 साल प्राचीन दुर्लभ रिकॉर्डिंग प्रसारित की गई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुनर्मुद्रित पुस्तिका “वंदे मातरम्-एक क्रांति गीत का साहित्येतिहासिक अध्ययन” का विमोचन किया। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने देशभक्ति गीत “कदम-कदम बढ़ाए जा” की धुन प्रस्तुत की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के उद्बोधन का शौर्य स्मारक के राज्य स्तरीय कार्यक्रम से श्रवण किया। कार्यक्रम में वंदे मातरम् गीत की 120 साल प्राचीन दुर्लभ रिकॉर्डिंग प्रसारित की गई। इस अवसर पर हार्मनी ग्रुप के 150 कलाकारों ने वंदे मातरम् गीत के मूल स्वरूप के साथ ही तमिल, मलयालम तथा अन्य भारतीय भाषाओं में सांगीतिक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को स्वदेशी की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आज 7 नवम्बर से आरंभ हुआ वंदे मातरम् का 150वां स्मरणोत्सव 7 नवम्बर 2026 तक पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत चार चरणों में कार्यक्रम होंगे।
शौर्य स्मारक पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, पिछ़ड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राजयमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्री श्रीराम तिवारी, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवक-युवतियां एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। भोपाल पुलिस आयुक्त श्री हरिनारायणचारी मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया।
ग्वालियर के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर आयोजित हुआ कार्यक्रम जयभान सिंह पवैया ने किया सम्बोधित

राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के आज को 150 साल पूरे होने पर पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं महाराष्ट्र के सहप्रभारी भाजपा ने शुक्रवार को ग्वालियर के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने ने कहा कि आज पूरा भारत कोने-कोने में वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ मना रहा है। जब मैं वंदे मातरम् कहता हूं तो मेरा रोम-रोम रोमांचित हो जाता है। वंदे मातरम् दो शब्द का नाम नहीं है, वंदे मातरम् देशभक्ति का परिचायक शरीर का मंत्र कहा जाता है। जो शक्ति मंत्र में होती है वही शक्ति वंदे मातरम में होती है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आव्हान पर देशभर में जगह-जगह भाजपा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ मना रही है। इसी क्रम में ग्वालियर में भी राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जा रही है।
इस अवसर पर मंच पर मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, उत्तर प्रदेश से पधारी राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती चारु चौधरी, कार्यक्रम के प्रभारी पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, पूर्व विधायक श्री रमेश अग्रवाल, महामंत्री श्री विनय जैन, श्री विनोद शर्मा, श्री राजू पलैया मंच पर उपस्थित रहे।
ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंन्द्र तोमर एवं ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न तोमर के मुख्य आतिथ्य में हुआ जिला स्तरीय समारोह का आयोजन

राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की 150वी वर्षगांठ 7 नवम्बर को ग्वालियर जिले में भी देश भर के साथ उत्साह व उमंग के साथ समारोहपूर्वक मनाई गई। देशभक्ति से ओतप्रोत “वंदे मातरम्” का जिले का मुख्य स्मरण उत्सव बाल भवन में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ ।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा राष्ट्रीगीत “वंदे मातरम्” आजादी के आंदोलन में हमारे पूर्वजों के लिए सिद्ध मंत्र बना था। परतंत्रता की बेड़ियां काटने के लिए हमारे वीर सपूतों ने इस मंत्र का गायन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री मुन्नालाल गोयल, श्री राजेन्द्र बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय व जिला पंचायत सीईओ श्री सोजान सिंह रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री एस बी ओझा ने किया।
“वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ और स्वदेशी की दिलाई शपथ
जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने सभी को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की 150 वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य अतिथ्य में देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित हुए भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण भी बाल भवन में आयोजित हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में हुआ।
चार चरणों में होंगे आयोजन
वंदे मातरम् के ऐतिहासिक सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत वर्ष भर विविध गतिविधियां 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक चार चरणों में आयोजित होंगीं। प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय चरण 7 से 14 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ चरण एक से 7 नवम्बर 2026 में व्यापक रूप से आयोजित किया जायेगा।