रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से जंग छिड़ी हुई है। इस बीच एक बार फिर यूक्रेन की सेना विवादों में आ गई है। यूक्रेन की आर्मी ने हिंदू धर्म के प्रतीक स्वास्तिक का मजाक उड़ाया है। दरअसल, यूक्रेन के हथियारों पर हिंदू धर्म के प्रतीक ‘स्वास्तिक’ को दिखाया गया है। जिस पर लिखा है Defend Dharma यानी धर्म की रक्षा करें। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। ट्वियर यूजर्स ने कहा कि ये लोग हिंदू नहीं हो सकते, इनको हिंदू धर्म की परवाह नहीं है।
इससे पहले भी छिड़ा था विवाद
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने मई महीने में मां काली की एक आपत्तिजनक तस्वीर ट्विटर पर ट्वीट की थी। जिसपर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई थी। भारत की ओर से उठाई गई आपत्ति के बाद यूक्रेन ने माफी मांगते हुए पोस्ट को डिलीट कर दिया था। भारतीयों ने इसे हिंदूफोबिक बताते हुए सोशल मीडिया पर कड़ी आपत्ति जताई जिसके बाद जल्द ही कार्टून को डिलीट कर दिया गया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने कार्टून की आलोचना करते हुए कहा कि यह पूरे विश्व में फैले हिंदुओं की भावनाओं पर हमला है।
यूक्रेन की उप विदेश मंत्री एमीन झापरोवा ने अपने एक ट्वीट में कहा था कि यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की तरफ से मां काली को लेकर किए गए ट्वीट पर उन्हें अफसोस है। उन्होंने कहा, ‘हमे अफसोस है कि यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने हिंदू देवी काली को विकृत तरीके से चित्रित किया। यूक्रेन और उसके लोग अद्वितीय भारतीय संस्कृति का सम्मान करते हैं और हम भारत की तरफ से दी आ रही मदद की सराहना करते हैं। तस्वीर को पहले ही हटा लिया गया है। आपसी सम्मान और मित्रता की भावना में सहयोग को और बढ़ाने के लिए यूक्रेन दृढ़ संकल्पित है।