नई दिल्ली। जमैका की टोनी एन सिंह (Tony N. Singh of Jamaica) ने मिस वर्ल्ड 2019 का खिताब जीत लिया है। लंदन में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत का भी बोलबाला रहा। भारत का प्रतिनिधित्व करने वालीं सुमन राव (Suman Rao) तीसरे स्थान पर रहीं। सुमन ने मिस वर्ल्ड एशिया 2019 (Miss World Asia 2019) का ताज अपने नाम किया है। जानकारी के मुताबिक, सुमन राव का जन्म 23 नवंबर 1998 को राजस्थान के उदयपुर के पास औदना गांव में हुआ था।
सुमन राव के पिता रतन सिंह राव, जौहरी हैं, जबकि मां सुशीला कुंवर राव गृहिणी हैं। उनके दो भाई हैं, जितेंद्र और चिराग। सुमन जब एक साल की थीं, तब उनका परिवार मुंबई आ गया था। सुमन राव ने अपनी स्कूली शिक्षा नवी मुंबई के महात्मा स्कूल ऑफ एकेडमिक्स एंड स्पोर्ट्स से की है और अब वो मुंबई विश्वविद्यालय से एकाउंटेंसी का कोर्स कर रही हैं। इसके साथ ही सुमन एक प्रशिक्षित कथक डांसर भी हैं। 2018 में सुमन राव ने मिस नवी मुंबई प्रतियोगिता में भाग लिया, जहां वो फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके बाद उन्होंने फेमिना मिस राजस्थान 2019 (Femina Miss Rajasthan 2019) के खिताब के लिए ऑडिशन दिया, जो उन्होंने जीत लिया था। सुमन ने फेमिना मिस इंडिया 2019 प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया था।
15 जून 2019 में उन्हें मिस इंडिया का ताज पहनाया गया। 69वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के टॉप 5 में जगह बनाने के बाद देश के कोने कोने से लोग सुमन राव को बधाईयां दे रहे हैं। मिस वर्ल्ड की प्रतियोगिता में सुमन ने अपनी समझदारी की परिचय दिया। ब्यूटी विद अ परपस सेगमेंट में उन्होंने आदिवासी महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता के जरिए उनकी मदद करने की पहल की थी। टाइम्स नाउ के मुताबिक, सुमन प्रिंसेस दीयाकुमारी फाउंडेशन के साथ जुड़ीं हैं। जो महिलाओं को हाथ से बने सजावटी हस्तशिल्प, सहायक उपकरण और आभूषण बनाने में मदद करती है।