उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद राज्य सरकार ने दो दिनों के अंदर अधिसूचना जारी करने की बात कही थी. अब उसी कड़ी में चुनावी अधिसूचना जारी हो गई है. आरक्षित सीटों को लेकर भी जानकारी दी गई है.
अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, महिला के रूप में आरक्षण वर्ग सेट कर दिया गया है. स्पष्ट रूप से बताया गया है कि कौन सी सीट से समाज का कौन सा वर्ग खड़ा हो सकता है. सरकार द्वारा 199 नगर पालिका परिषद की सीटों की आरक्षण सूची जारी हुई है. अब जानकारी के लिए बता दें कि यूपी निकाय चुनाव को लेकर तैयारी तो पिछले साल से चल रही थी. लेकिन ओबीसी आरक्षण को लेकर मामला फंस रहा था और फिर हाई कोर्ट द्वारा बिना आरक्षण के चुनावों का ऐलान भी हुआ था. उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई, फिर कमेटी बनी और अब ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव करवाए जाएंगे.
