वाराणसी में रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि 1550 फीट की ऊंचाई पर उनके चॉपर से पक्षी टकरा गया था। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह 9 बजे लखनऊ जाने के लिए सर्किट हाउस से पुलिस लाइन ग्राउंड के लिए रवाना हुए। कुछ देर बाद उनके हेलिकॉप्टर ने यहां से उड़ान भरी। डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि करीब 10 मिनट के बाद ही चॉपर वापस पुलिस ग्राउंड पर लैंड हुआ। इससे पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था। सीएम नीचे उतरे तो पता लगा कि पिसौर पुल के समीप 1550 फीट की ऊंचाई पर आसमान में एक पक्षी हेलिकॉप्टर से टकरा गया था।