मध्य प्रदेश के 19 नगर निकायों का चुनाव परिणाम घोषित हो चुका है. 6 नगर पालिका और 13 नगर परिषदों पर हुए चुनावों में बीजेपी ने 11 निकायों पर जीत हासिल की. वहीं कांग्रेस ने आठ नगर निकायों पर कब्जा जमा लिया है. मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में कांग्रेस ने जीत दर्ज की.
बीते शुक्रवार को हुए चुनावों में जहां बीजेपी के 183 पार्षद जीते हैं, वहीं कांग्रेस के 143 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. दिग्विज सिंह के गढ़ राघौगढ़ की 24 सदस्यीय नगर पालिका में कांग्रेस के 16 और बीजेपी के आठ पार्षदों ने चुनाव में जीत हासिल की. राज्य चुनाव आयोग के सचिव राकेश सिंह ने बताया कि पांच जिलों के 19 नगर निकायों में हुए चुनाव में बीजेपी के 183, कांग्रेस के 143 और बची हुए सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है.