Homeप्रमुख खबरेंराजमाता की कमी को पूरा करते दिखाई दी ज्योतिरादित्य की कार्यशैली,पार्टी कार्यालय...

राजमाता की कमी को पूरा करते दिखाई दी ज्योतिरादित्य की कार्यशैली,पार्टी कार्यालय में कराया अपनेपन का अहसास

राजमाता विजयाराजे सिंधिया के समय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की राजनीति जयविलास के इर्दगिर्द ही घूमा करती थी,आज जब ग्वालियर चुनावी माहौल से सराबोर है एकबार फिर राजमाता का व्यक्तित्व मन में घूम गया इसके पीछे मुख्य कारण है जयविलास से वर्तमान में राजनीति का प्रतिनिधित्व करने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का चुनावी माहौल में सराबोर हो चुके ग्वालियर का दौरा। श्री सिंधिया को देख कतई ऐसा नहीं लगा कि यह वही शख्स है जो कि आज से 27 माह पूर्व भाजपा पर वार करने वाला सबसे पैना हथियार था। आज जब वे भाजपा के शहर मुख्यालय मुखर्जी भवन पहुंचे,वहां भाषण दिया तो यूं लगा जैसे वे भाजपा उसकी रीतियों नीतियों को  समझने वाले एक बहुत पुराने नेता हैं। कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त करने से लेकर उनके द्वारा दिया गया सम्बोधन जहां भाजपा जनों अपनेपन का अहसास करा रहा था वहीं इस बात का संदेश भी दे रहा था कि ज्योतिरादित्य सिंधिया आने वाले चुनाव के रणांगन के बड़े योद्धा हैं और भाजपा के कार्यकर्ता उनके लिये किसी सेना से कम नहीं है। सिंधिया ने कहा कि आने वाले चुनाव हेतु कल की पहली सूर्यकिरण से ही हम सबको कार्य में जुटना है इसमें मैं कार्यकर्ता,आप कार्यकर्ता और मंच पर विराजमान सारे लोग भी कार्यकर्ता की भूमिका में  हैं और सभी को सूर्योदय से लेकर रात्रि 11 बजे तक काम में जुटना है।

केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने आज मुखर्जी भवन में दायित्ववान कार्यकर्ताओं के साथ परिचय बैठक ली
भाजपा का मूल मंत्र एकात्म-मानववाद है। मानवता के आधार पर मानव से मानव जोड़ने का काम जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को सिखाया है, यही कारण है कि आज भाजपा वटवृक्ष के रूप में हमारे सामने है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी मानव जाति को छाया मिल रही है।
श्री सिंधिया ने कहा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी जो पंडित जवाहरलाल नेहरु की कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री के रूप में स्थापित थे, लेकिन कश्मीर के साथ अन्याय होता देख सब कुछ त्याग कर बंगाल से कश्मीर तक एक विधान एक निशान के लिए आंदोलन छेड़ा और उस आंदोलन को अपने मुकाम पर पहुंचा कर भारतीय जनता पार्टी के चमत्कारी नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कश्मीर में धारा 370 हटाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का सपना साकार किया।
श्री सिंधिया जी ने कहा हमारे श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने संगठन की ऐसी नींव डाली जिसका उदाहरण आज भी दिया जाता है और कहा जाता है, अगर श्रेष्ठ संगठन का उदाहरण देखना है तो मध्यप्रदेश का संगठन देखो। हम उन्हें प्रणाम करते हैं। उन्होंने राजमाता  को याद करते हुए कहा कि मेरी दादी ने हिंदू धर्म को स्थापित करने के लिए पार्टी को स्थापित करने का जो काम किया है, उनके समर्पण का ही कारण है कि जब मैं देश के विभिन्न प्रदेशों में प्रवास पर जाता हूं तो उनके प्रति सम्मान देखता हूं तो गौरवान्वित महसूस करता हूं। जब भी राजमाता साहेब के समय महल में कोई कार्यकर्ता आता था तो वह उन्हें खाना और दूध अपने हाथों से पिलाती थी। उन्होंने अपने जीवन में त्याग किया जिसका कारण है कि आज हम यहां खड़े हैं।
श्री सिंधिया जी ने कहा कि हमारे परिवार के सदस्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी जिनके बारे में हम जितना भी कहे उतना कम है। उनके बारे में यदि कहा जाए कि ऐसा इंसान भारत में मिलना मुश्किल होगा तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। साफ मन, साफ दिल, साफ मस्तिक का ऐसा नेता आज मिलना मुश्किल है। उनकी ही दूरदृष्टि का कारण है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना से आज गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछ चुका है।
कार्यक्रम में सांसद विवेक शेजवलकर  भी ने संबोधित करते हुए कहा मैं आप सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आप लोग टिकट की सिफारिश नहीं करें, बल्कि सहायता करें। श्री सिंधिया , जिलाध्यक्ष माखीजानी  और मेरे पास आप सभी बायोडाटा दे रहे हैं, लेकिन टिकट किसी एक को ही मिलेगा और भाजपा की यह खूबसूरती रही है कि पार्टी जिसको टिकट देती है। हम सभी कार्यकर्ता उसके लिए तन-मन-धन से कार्य करते हैं और आप सभी को भी ऐसा ही करना है।
स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी जी ने देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, सांसद विवेक शेजवलकर जी ग्वालियर के विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। हम दायित्ववान कार्यकर्ता हैं। हमारे उम्मीदवारों का चयन किया जाना है। एक सीट पर एक ही प्रत्याशी को टिकट मिलेगा। सब कार्यकर्ता मिलकर उसके लिए कार्य करें और पार्टी को जिताएं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री माया सिंह , मुन्नालाल गोयल , जयसिंह कुशवाह , अभय चौधरी , इमरती देवी  मंच पर उपस्थित रहीं।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजू सेंगर  ने और आभार जिला महामंत्री विनोद शर्मा जी ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सभी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments