Homeविदेशविदेशी मीडिया पर भी गर्माया हुआ है कन्हैयालाल की नृशंस हत्या का...

विदेशी मीडिया पर भी गर्माया हुआ है कन्हैयालाल की नृशंस हत्या का मामला

कन्हैयालाल की हत्या को लेकर भी विदेशी मीडिया और वहाँ के सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया आ रही है. नीदरलैंड के सांसद गीर्ट वाइलडर्स का एक ट्वीट भारत का एक तबका ख़ूब पसंद कर रहा है.

गीर्ट वाइलडर्स ने ट्वीट कर कहा है, ”एक दोस्त होने के नाते भारत से मैं यह बात कह रहा हूँ. असहिष्णु लोगों के प्रति सहिष्णु होना बंद करें. अतिवादियों, आतंकवादियों और जिहादियों के ख़िलाफ़ हिन्दूइज़म का बचाव करो. इस्लाम का तुष्टीकरण मत करो. इसकी महंगी क़ीमत चुकानी होगी.” गीर्ट वाइलडर्स ने इस ट्वीट के साथ हैषटैग #HinduLivesMatters #India लगाया है.”

गीर्ट वाइलडर्स ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है, ”हिन्दुओं को भारत में सुरक्षित रहना चाहिए. यह उनका मुल्क है, उनका घर है. भारत कोई इस्लामिक देश नहीं है.”

इस्लाम विरोधी बयानों के लिए पहचाने जाने वाले गीर्ट वाइल्डर्स पर एक बार ब्रिटेन में प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगा था. हालाँकि, बाद में ये प्रतिबंध वापस ले लिया गया. वाइल्डर्स की जान के ख़तरे को देखते हुए उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाती है.

ब्रिटिश सेंटर फोर मिडिल ईस्ट के रीजनल हेड अमजद ताहा ने भी उदयपुर में हत्या को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा है, ”उदयपुर में हमले को इस्लामिक आतंकवादियों द्वारा हिन्दुओं को निशाना बनाए जाने के रूप में देखा गया. इसकी निंदा करें. भारत को आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में साथ दें. जिन्होंने एक व्यक्ति को लेकर भारत के बहिष्कार की अपील की थी क्या वे चाहते हैं कि भारतीय सभी मुसलमानों का बहिष्कार करें? जवाब इसका नहीं है. हमें एक रहने की ज़रूरत है.” अमजद ताहा ने इस ट्वीट के साथ हैषटैग #JusticeForKanhaiyaLal #उदयपुर लगाया है.

अरब के मीडिया में भी उदयपुर में हत्या की ख़बर छपी है. अल-अरबिया ने लिखा है- उदयपुर में एक हिन्दू व्यक्ति की हत्या से तनाव. अल अरबिया ने लिखा है, ”उदयपुर में इटरनेट और मोबाइल सेवा पर पाबंदी लगा दी गई है. पुलिस ने हत्या के दोनों अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. हिन्दू व्यक्ति कन्हैयालाल को उनकी दुकान में गला रेतकर हत्या कर दी गई और इसका वीडियो भी बनाया.”

बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका तसलीमा नसरीन ने अपने ट्वीट में लिखा है, ”रियाज़ और गौस ने कन्हैयालाल की बर्बर हत्या कर दी. हत्या का वीडियो भी इन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कहा कि पैग़ंबर के सम्मान में ये कुछ भी कर सकते हैं. उन्मादी इतने ख़तरनाक हैं कि हिन्दू भी भारत में सुरक्षित नहीं हैं.”

तसलीमा नसरीन ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा है, ”बांग्लादेश के एक कॉलेज हिन्दू प्रिंसिपल स्वपन कुमार बिस्वास हैं, जिन्हें उन्मादियों ने फटे जूतों की माला पहनने पर मजबूर किया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर नूपुर शर्मा का समर्थन करने वाले एक स्टूडेंट का बचाव किया था. वहीं भारत में एक हिन्दू दर्जी को दो मुल्लाओं ने नूपुर शर्मा के समर्थन को लेकर हत्या कर दी. न केवल ग़ैर-हिन्दू बल्कि प्रगतिशील मुस्लिम और स्वतंत्र विचार रखने वालों को भी जिहादी सिरकलम कर सकते हैं. धार्मिक अतिवाद हमेशा मानवता के लिए हानिकारक होता है.”

पाकिस्तानी पत्रकार रूहान अहमद ने उदयपुर को लेकर हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट ट्वीट किया है. इस ट्वीट में उन्होंने लिखा है, ”हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के उदयपुर में जिन दो लोगों ने एक हिन्दू दर्जी की हत्या की है, उनका संबंध कराची स्थित दावत-ए-इस्लामी से है, जो बरेलवी पैन-इस्लामिक तहरीक-ए-लबैक से जुड़ा है.”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments