Homeप्रमुख खबरेंशिवराज ने कहा अपनी राजनीतिक मां, भाजपा के दूध की लाज रखने...

शिवराज ने कहा अपनी राजनीतिक मां, भाजपा के दूध की लाज रखने में कोई कसर नहीं छोडूंगा

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर शिवराजसिंह चौहान ने किया पार्टी से वादा

 

भोपाल। कई बार ऐसा अवसर आता है, जब मां अपने बच्चों से कहती है कि मेरे दूध की लाज रखना। मेरे मन का संकल्प यही है कि मैं अपनी राजनीतिक मां, अपनी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के दूध की लाज रखने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। पार्टी ने मुझे जो दायित्व दिया है, उसका ईमानदारी और निष्ठापूर्वक निर्वाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। यह बात श्री शिवराजसिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने पर पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व श्री शिवराजसिंह चौहान को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने रखा और पार्टी विधायकों में डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री गोपीलाल जाटव, श्री विजय शाह, श्रीमती मीना सिंह,

 

श्री केदारनाथ शुक्ला, श्री पारस जैन सहित उपस्थित विधायकों हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके उपरांत पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा विधायक दल चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया। केंद्रीय पर्यवेक्षक और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण सिंह ने श्री शिवराजसिंह चौहान को विधायक दल का नेता घोषित किया। इस अवसर पर विधायक दल के नेता श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, वरिष्ठ नेता श्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मंचासीन थे। मंच का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक इंजी. प्रदीप लारिया एवं आभार प्रदेश मंत्री श्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह ने माना।

प्रदेश को तबाही से निकाल जनकल्याण का इतिहास रचेंगे

 

उपस्थित विधायकों को संबोधित करते हुए श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैं कई सालों से पार्टी का एक सामान्य कार्यकता रहा हूं। ये इसी पार्टी में होता है कि बिना किसी राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि के एक साधारण कार्यकर्ता को भी नेतृत्व करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मैं मुझ पर विश्वास प्रकट करने के लिये हमारे लोकप्रिय नेता श्री नरेंद्र मोदी जी, गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगतप्रकाश नड्डा जी, पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करता हूं। श्री चौहान ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे। हम जानते हैं पिछली सरकार पूरे प्रदेश को तबाह करके गई है। लेकिन अब हम शासन की शैली में बदलाव करेंगे और हमारे फैसले तथा हमारा काम बोलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक और सभी लोग मिलकर एक परिवार की तरह काम करेंगे और पिछली सरकार ने जो तबाही की है, उससे निकालकर प्रदेश को विकास की दिशा में ले जाएंगे, जनकल्याण का इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि आज मैं यह वचन देना चाहता हूं कि जान भले ही चली जाए, जो विश्वास पार्टी ने, आप लोगों ने जताया है, इस विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा। आइये, एक नई शुरुआत करें।

सबसे बड़ी चुनौती कोरोना वायरस, इसे खत्म करके ही चैन की सांस लेंगे

श्री चौहान ने कहा कि आज समय उत्सव मनाने का नहीं है, परिस्थितियां इसकी इजाजत नहीं देतीं। आज सबसे बड़ी चुनोती कोरोना वायरस की है और ये समय तत्काल काम में जुटने का समय है। इसलिए मैं सभी से आग्रह करता हूं कि कोई उत्सव न मनाएं, घरों से निकलें। श्री चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस के संकट के प्रति हमारे प्रधानमंत्री जी ने जो तड़प दिखाई है, हमें उन भावनाओं से जुड़ना है। इस संकट का मुकाबला करने के लिए संपर्क की श्रृंखला को तोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस संकट का मुकाबला करने के लिए मैं शपथग्रहण के बाद सीधे अपने कार्यालय पहुंच रहा हूं। इसके बाद हम सब अपने-अपने क्षेत्र की जनता को जागरूक करने का काम करेंगे और इस महामारी को समाप्त करके ही चैन की सांस लेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments