रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने शनिवार रात फ्लोरिडा में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को पटखनी दी। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैच की टी20 सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। रोहित शर्मा ने जब से पूर्ण रूप से भारतीय टीम की कमान संभाली है तब से टीम इंडिया एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी है। हिटमैन की अगुवाई में भारत की यह लगातार 8वीं सीरीज जीत है। वहीं बतौर कप्तान शुरुआती 35 मैचों में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में रोहित ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की भी बराबरी कर ली है।