Homeप्रमुख खबरेंमुख्यमंत्री आज ग्वालियर की भव्य तिरंगा यात्रा में फहराएंगे तिरंगा

मुख्यमंत्री आज ग्वालियर की भव्य तिरंगा यात्रा में फहराएंगे तिरंगा

ग्वालियर मेला के मुख्य द्वार से शुरू होगी तिरंगा यात्रा

भारतीय आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा थामकर शामिल होंगे शहरवासी

यात्रा मार्ग में देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत कार्यक्रम भी होंगे

ग्वालियर / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव की अगुआई में अपराह्न लगभग 3:00 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया तिराहा, सिटी सेंटर से भव्य तिरंगा यात्रा शुरू होगी।

यह तिरंगा यात्रा सिटी सेंटर, गांधी रोड व आकाशवाणी तिराहा होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार तक पहुंचेगी। इस यात्रा का आयोजन सरकार द्वारा समाज की सक्रिय भागीदारी से चलाए जा रहे ” हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छ्ता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मेला के मुख्य प्रवेश द्वारा से तिरंगा यात्रा आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री इस तिरंगा यात्रा में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार तक शामिल होंगे। इसके बाद तिरंगा यात्रा आकाशवाणी तिराहा व तानसेन रेसीडेंसी तिराहा होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया तिराहे तक पहुँचेगी।
भारतीय आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा थामकर इस यात्रा में बाइकर्स, सैन्य व पुलिस बल के जवान, एनसीसी की सभी विंग, भूतपूर्व सैनिक, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधिगण व गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न शासकीय, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण शामिल होंगे। यात्रा का सम्पूर्ण मार्ग तिरंगामय होगा। बीच-बीच में विभिन्न स्थानों पर बने मंचों पर देश भक्ति व भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम भी होंगे। साथ ही जगह-जगह पर रंगों व फूलों की रंगोलियां और आजादी व देश की रक्षा के लिये अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की वेशभूषा में सजे-धजे बच्चे व कलाकार भी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शहरवासियों से तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे तिरंगा यात्रा के सुव्यवस्थित आयोजन में सहभागी बनें। साथ ही इस दौरान यातायात को सुगम बनाए रखने में सहयोग करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments