इस अवसर पर वह बोले हैं कि व्यापार मेला, ग्वालियर की पहचान है। कोरोना को लेकर असमंजस था। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से व्यापार मेला शुरू करने को लेकर काफी चर्चा होने के बाद मेला शुरू करने का फैसला लिया है। इसे और समृद्ध बनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मेला शुभारंभ करने पर सीएम को धन्यवाद दिया है।

रविवार को शहर में सीएम करीब 9 घंटे प्रवास पर आए हैं। यहां उनको कई कार्यक्रम में भाग लेना है। कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार सुबह सीएम के आने के साथ ही हो गई है। सीएम शिवराज ने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पहले कार्यकर्ताओं व नेताओं से मुलाकात की और उसके बाद एयरपोर्ट परिसर से ही स्मार्ट सिटी की सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया है। साथ ही यहां से अति कुपोषित बच्चों के लिए बस को भी हरी झंडी दिखाई है। विमानतल से ही दीनदयाल एक्सप्रेस किचन का शुभारंभ किया है। इसके बाद सीएम व राज्यसभा सांसद दोनों मेला में आयोजित कार्यक्रम के लिए पहुंचे हैं। यहां उन्होंने मेला कार्यालय का उद्घाटन किया है। साथ ही 50 दिवसीय ग्वालियर व्यापार मेला 15 फरवरी से लगेगा, इसकी घोषणा की है। घोषणा के साथ ही एक महीने से रोड टैक्स पर छूट को लेकर जो अटकलें चल रही थीं उनको भी विराम देते हुए कहा है कि व्यापारी मेला की तैयारियां करें। मेला लग रहा है और मेला में वाहन खरीदी पर प्रदेश सरकार रोड टैक्स पर छूट भी देगी।