ग्वालियर /अंततः लंबे इंतज़ार के बाद 18 से 44 वर्ष के युवाओं के लिए कोरोना वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हो गई । हालांकि शुरुआत में केवल सौ लोगों को ही वैक्सीन लगाई गई है। आज जिन्हें इसका लाभ मिला वे प्रसन्न दिखाई दिए।
वैक्सीनेशन 9.30 बजे शुरू होना था, लेकिन युवा सुबह 7 बजे से ही JAH स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंच गए थे। गर्म मौसम और तेज धूप में सेंटर के बाहर लाइन लगाकर खड़े नजर आए। ग्वालियर में 18+ उम्र वालों सबसे पहली वैक्सीन थाटीपुर के मयूर मार्केट निवासी 30 वर्षीय रितु अग्रवाल को लगी । वैक्सीनेशन के बाद रितु ने मीडिया को बताया कि वह वैक्सीन लगवाने के बाद काफी खुश हैं। इस महामारी का यही सबसे सटीक इलाज है। अपने जैसे अन्य युवाओं को उनको यही संदेश है कि जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं और वैक्सीन जरूर लगवाएं।
बुधवार को वैसे तो जिले में 79 सेंटर बनाए गए थे, लेकिन 18+ उम्र वालों के लिए JAH ही एक मात्र सेंटर था। यहां सुबह 7 बजे से ही युवाओं की लम्बी लाइन देखने को मिली। मौसम गर्म होने के कारण सुबह से ही तेज धूप थी। JAH प्रबंधन ने धूप से लोगों को बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए थे। सुबह से ही युवा और बुजु्र्ग अलग-अलग लाइन से धूप में खड़े नजर आए।