मानसून की बारिश ने मुश्किलों को बढ़ा दिया है. सड़कें टूट रही है, और अब महंगाई सता रही है. मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो टमाटर के भाव पिछले कुछ दिनों में दोगुने से तिगुने हो गए हैं. कुछ जगहों पर तो टमाटर के भाव 100 रुपये तक पहुंच गए हैं. देश के बड़े शहरों दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद तो हैं ही- इनके अलावा बाकी भी हर जगह पर टमाटर की कीमतों ने किचन के बजट को बिगाड़ दिया है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी टमाटर सजावटी सामान की तरह दुकानों में है क्योंकि एक सप्ताह पहले 20 रुपए किलो टमाटर अब 120 रुपए किलो के करीब है. टमाटर के दाम एक सप्ताह में 20 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 120 रुपये हो गये हैं. लखनऊ के गोमती नगर इलाक़े में सब्जी की कई दुकानों में टमाटर सजावटी सामान की तरह रखा हुआ है. बिक्री लगभग ना के बराबर है. बहुत ज़रूरतमंद इसे नाम मात्र की क्वांटिटी में ले रहे हैं. फ़िलहाल नासिक और बंगलौर से यहां लाकर टमाटर की बिक्री की जा रही है.
दिल्ली के ओखला मंडी में भी टमाटर की कीमतों का हाल अन्य जगहों की तरह ही है. दिल्ली के ओखला मंडी में दिल्ली में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं और यहां भी टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं. दिल्ली में टमाटर की रिटेल कीमत 100 रुपये प्रति किलो है तो सफल स्टोर पर टमाटर की कीमत 78 रुपए प्रति किलो है. सब्जी मंडी में भी टमाटर के 25 किलो की क्रेट जहां 10 दिन पहले 250-300 रुपये थी आज दाम 8 गुना बढ़कर 2000 रुपये तक पहुंच गए हैं. थोक विक्रेताओं का कहना है पिछले महीने 8-10 रुपये किलो थे मंडी में टमाटर के दाम जबकि अब सब्जी मंडी में 70-80 रुपये प्रति किलो हैं टमाटर के दाम. मंडी में टमाटर लेने आए खुदरा व्यापारी का कहना है कि अब लोग टमाटर पहले से कम ले कर जा रहे हैं.
हर साल टमाटर की फसल के समय टमाटर सस्ता हो जाता है और जैसे ही बरसात शुरू होती है तो टमाटर की फसल खत्म हो जाती है और टमाटर के दाम बढ़ जाते हैं जिससे दुकानदार और ग्राहक हर किसी पर असर पड़ता है. होल सेल में टमाटर 70 से 80 रुपये और रिटेल में 100 रुपये किलो बिक रहा है.
दरअसल बढ़े हुए दामों की वजह से खपत कम हो गई है. लिहाजा टमाटर के थोक व्यापारियों का कहना है कि अगले एक महीने तक टमाटर के दाम बढ़े रहेंगे. नई फसल के मार्केट में आने के बाद ही दाम नीचे आएंगे. हालांकि सबसे बड़ा सच ये ही है कि टमाटर के भाव अचानक से बढ़ जाने से दुकानदार और ग्राहक दोनों परेशान हैं.