मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने घोषणा की है कि अगले साल से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। नीट की परीक्षा हर साल फरवरी और मई माह में आयोजित होगी। जबकि जेईई (मेन्स) की परीक्षा हर साल जनवरी और अप्रैल में कराई जाएगी। वहीं यूजीसी नेट की परीक्षा दिसंबर में कराई जाएगी।
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि अब नीट, जेईई, नेट परीक्षाओं का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) करेगी। अब तक इन परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी सीबीएसई पर थी। प्रबंधन से जुड़ी सीमैट और फार्मेसी से जुड़ी जीपैट परीक्षाओं का आयोजन भी अब एनटीए ही करेगी।
जावड़ेकर ने कहा कि नीट और जेईई में प्रवेश के लिए दोनों अवसरों में से सर्वाधिक प्राप्तांक पर विचार किया जाएगा।
जावड़ेकर ने बताया कि इन परीक्षाओं के संदर्भ में सिलेबस, प्रश्नों के पैटर्न ओर भाषा के विकल्प के बारे में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा की फीस में भी कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है।
ये परीक्षाएं कम्प्यूटर आधारित होंगी । उन्होंने कहा कि इस बारे में छात्रों को घर पर या किसी केंद्र पर अभ्यास की oने की सुविधा दी जायेगी। यह मुफ्त होगा। हर परीक्षा कई तिथियों को आयोजित होगी अर्थात 4-5 दिनों तक चल सकती हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी परीक्षा आयोजन के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण सुधार है और इसे इस वर्ष से शुरू करने का निर्णय किया गया है।
इस बारे में आज वेबसाइट पर कुछ सूचनाएं डाली जायेंगी और 2-3 दिनों में पूरी सूचना डाल दी जायेगी ।
उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा में करीब 13 लाख छात्र बैठते हैं, जबकि जेईई मेन्स में 12 लाख छात्र तथा यूजीसी नेट में 12 लाख छात्र बैठते हैं। सीमैट में एक लाख छात्र और जीपैट में 40 हजार छात्र हिस्सा लेते हैं।
नीट
देश भर के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सेज में नीट परीक्षा के जरिए ही दाखिला होता है। देश के एम्स संस्थान और जेआईपीएमईआर नीट से बाहर हैं। एम्स संस्थानों और पुडुचेरी स्थित जेआईपीएमईआर में चलाए जा रहे एमबीबीएस कोर्स में दाखिला एम्स एंट्रेंस टेस्ट और एंट्रेंस टेस्ट के जरिए ही होता है।
जेईई मेन
देश भर के एनआईटी, आईआईटी और अन्य सरकारी मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग संस्थानों में B.Tech./BE/B.Arch कोर्सेज में एडमिशन के लिए जेईई मेन परीक्षा आयोजित की जाती है। र अलावा देश के बहुत से निजी संस्थान भी जेईई मेन रिजल्ट का स्कोर स्वीकार करते हैं।