Homeप्रमुख खबरेंटी 20 विश्वकप :रोमांचक सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन...

टी 20 विश्वकप :रोमांचक सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में किया प्रवेश

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत ने  इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

भारत की ओर से मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना पाई.

जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 33 रन खर्च कर एक विकेट लिया. वहीं हार्दिक पंड्या ने चार ओवर में 38 रन खर्च कर दो विकेट लिए. इन दोनों की गेंदबाजी ने भारत को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 253 रन बनाए.

भारत के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेली. इसके अलावा ईशान किशन ने 39 और शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान दिया. संजू सैमसन को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

हार्दिक पंड्या ने 26 रन की पारी खेलकर स्कोर को 250 के पार करवाने में अहम भूमिका निभाई.

भारतीय बल्लेबाजों के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज बेअसर साबित हुए. आर्चर ने चार ओवर में 69 रन खर्च किए और उन्हें एक विकेट ही मिला.

विल जैक्स और आदिल रशीद को हालांकि दो-दो विकेट मिले.

254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही. इंग्लैंड ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ही पहला विकेट गंवा दिया. फ़िल सॉल्ट ने महज पांच रन की पारी खेली.

हार्दिक पंड्या ने ना सिर्फ दूसरे ओवर में विकेट लिया, बल्कि महज दो रन ही खर्च किए. इंग्लैंड की पारी थोड़ी आगे बढ़ी ही थी कि चौथे ओवर की पहली गेंद पर बैकवर्ड पाइंट पर अक्षर पटेल ने हैरी ब्रूक का शानदार कैच पकड़ा. ब्रूक ने सात रन ही बनाए और बुमराह को उनका विकेट मिला.

छठे ओवर की पहली तीन गेंदों पर जेकब बेथेल ने तीन छ्क्के लगाकर इंग्लैंड को मैच में वापस लाने की कोशिश की. लेकिन उसी ओवर में पांचवीं गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्ड कर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया. पावरप्ले में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 68 रन बनाए.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments