विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों को वाइस चांसलर (वीसी) को एक नया निर्देश जारी किया है। इस निर्देश में कहा गया है कि कॉलेज परिसर में जंक फूड पर तत्काल रूप से प्रतिबंध लगाया जाए। यह फैसला नवंबर 2016 में जारी एक एडवाइजरी को लेकर किया गया है। उस एडवाइजरी में कहा गया था कि कॉलेज परिसर में जंक फूड पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए क्योंकि इससे युवाओं में मोटापे का खतरा बढ़ रहा है।
एडवाइजरी में यूजीसी ने कहा कि कॉलेज परिसर में जंक फूड पर प्रतिबंध लगाने से लोगों में हेल्दी फूड हैबिट बढ़ेगी और इसके परिणामस्वरूप युवाओं में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता पैदा होगी।
यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने कहा कि हालांकि 2016 में यह निर्देश आवश्यक रुप से जारी नहीं किया गया था और कॉलेजों से ये उम्मीद की गई थी कि वे इस पर काम करें लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। इसलिए इसे फिर से जारी किया गया है।
अब यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक नई एडवाइजरी जारी की जो 2016 में जारी एडवाइजरी का विस्तारित रूप थी।