मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छतरपुर जिले के खजुराहो में आचार्य श्री विद्यासागर जीव दया सम्मान समारोह में कहा कि प्रदेश में गौ-वंश संरक्षण और संवर्धन के लिये गौ-मंत्रालय की स्थापना की जायेगी। विभिन्न जगहों पर स्थान की उपलब्धता के अनुसार गौ-अभयारण्य और गौ-शालाएँ बनायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि गौ-शाला और गौ-अभयारण्य में वृद्ध गायों के इलाज के लिये चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था करवाई जायेगी।
श्री चौहान ने कहा कि हमें गर्व है कि हम आचार्य विद्यासागर जैसे महान संत के युग में पैदा हुए हैं, जिनका जीवन मानव-कल्याण के लिये समर्पित है। उन्होंने कहा कि ‘अहिंसा परमोधर्म:” का सिद्धांत दुनिया को सभी जीवों के जीने के हक का संदेश देता है।
विद्यासागर जीव दया सम्मान
मुख्यमंत्री ने समारोह में विद्यासागर जीव दया सम्मान से आचार्य श्री विद्यासागर, दयोदय पशु सेवा केन्द्र, तेंदूखेड़ा(दमोह) को प्रथम, गौ-शाला एवं जैव कृषि अनुसंधान केन्द्र, केदारपुर (ग्वालियर) को द्वितीय और गौत्रास निवारणी गोपाल गौ-शाला, बड़नगर (उज्जैन) को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। सात अन्य संस्थाओं और व्यक्तियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये गये।