Homeमध्यप्रदेशग्वालियर की करिश्मा यादव और भिंड के अजातशत्रु ने बढ़ाया खेलों में...

ग्वालियर की करिश्मा यादव और भिंड के अजातशत्रु ने बढ़ाया खेलों में मध्यप्रदेश का मान ,मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

वह मौका आएगा जब मध्यप्रदेश के खिलाड़ी ओलम्पिक में गोल्ड मैडल लाएंगे
प्रदेश में खेलों का बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं दी जाएंगी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिखर खेल अलंकरण समारोह में पुरस्कार वितरित किए

ग्वालियर 29 दिसम्बर 2020/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में खेलों का निरंतर विकास हो रहा है तथा वह मौका आएगा जब हमारे खिलाड़ी ओलम्पिक खेलों में गोल्ड मैडल प्राप्त करेंगे। मध्यप्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही खिलाड़ियों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। हमारा लक्ष्य है देश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तैयार कर देना।
मुख्यमंत्री श्री चौहान सोमवार को मिंटो हॉल में मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह 2019 में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान कर रहे थे। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, खनिज साधन मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल, पद्मश्री निशानेबाज श्री जसपाल राणा, मध्यप्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह, प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री पंकज राग, संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री पवन जैन आदि उपस्थित थे।
ओलम्पिक में महिला हॉकी में प्रदेश की 6 खिलाड़ी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि पिछले ओलम्पिक में महिला हॉकी टीम में मध्यप्रदेश की 6 खिलाड़ी शामिल हुई थीं। इस वर्ष प्रदेश की 2 खिलाड़ियों द्वारा भारत के लिए ओलम्पिक कोटा लाना गर्व का विषय है। जब प्रदेश के खिलाड़ियों के गले में मैडल टंगते हैं तो मामा का सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है।

खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिये गौरव की बात है कि हमारे खिलाड़ी देश के लिए दो ‘ओलम्पिक कोटा’ लेकर आए हैं। मध्यप्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप सिंह और चिंकी यादव ने अगले ओलम्पिक के लिए ओलम्पिक कोटा हासिल किया है।

खेल पुरस्कार वितरित किए

,
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्ष 2019 के राज्य स्तरीय विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र एवं लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए। वर्ष 2019 के लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भोपाल के ओलिंपियन हॉकी खिलाडी श्री इनाम-उर-रेहमान को नवाजा गया। उन्होंने यह पुरस्कार वर्चुअल ग्रहण किया।

एकलव्य पुरस्कार-2019
व्यक्तिगत खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेलों में खेले जाने वाले खेल) में भिण्ड के श्री अजातशत्रु शर्मा केनोइंग-कयाकिंग, देवास के श्री आदित्य दुबे सॉफ्ट टेनिस, खरगौन के श्री ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शूटिंग, भोपाल की कु. गार्गी सिंह परिहार कराते, जबलपुर की कु. अंशिता पाण्डे वूशु, इंदौर के श्री परम पदम् बिरथरे तैराकी, भोपाल के श्री शंकर पाण्डेय फैंसिंग, उज्जैन के श्री अक्षत जोशी घुड़सवारी, इंदौर की सुश्री अनुषा कुटुम्बले टेबल-टेनिस, धार के श्री प्रियांशु राजावत बेडमिंटन और राजगढ़ के श्री गोविन्द बैरागी सेलिंग को एकलव्य पुरस्कार प्रदान किए गए। दलीय खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में खेले जाने वाले खेल) में टीकमगढ़ की कु. शिवांगनी वर्मा सॉफ्टबॉल और ग्वालियर की कु. इशिका चौधरी हॉकी तथा परम्परागत खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेल) में इंदौर की कु. नित्यता जैन शतरंज को प्रदान किए गए।
विक्रम पुरस्कार-2019
व्यक्तिगत खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में खेले जाने वाले खेल) में भोपाल की कु. राजेश्वरी कुशराम केनोइंग-कयाकिंग, भोपाल के श्री फराज खान घुड़सवारी, इंदौर के श्री अद्वेत पागे तैराकी, जबलपुर की कु. मुस्कान किरार आर्चरी, देवास के श्री जय मीणा सॉफ्ट टेनिस तथा भोपाल की कु. चिंकी यादव शूटिंग को वर्ष 2019 के लिये विक्रम पुरस्कार दिए गए। दलीय खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में खेले जाने वाले खेल) में इंदौर की कु. पूजा पारखे सॉफ्टबॉल और ग्वालियर की कु. करिश्मा यादव हॉकी को पुरस्कार दिया गया। दिव्यांग वर्ग (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में खेले जाने वाले खेल) में कु. जानकी बाई जूडो तथा परम्परागत खेलों (ओलम्पिक एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेल) में भोपाल के श्री चंद्रकांत हरडे थ्रो-बॉल को पुरस्कार मिला।
विश्वामित्र पुरस्कार-2019
व्याक्तिगत खेलों (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेलों में खेले जाने वाले खेल) में इंदौर के श्री अभिलाष एम.टी. तैराकी और भोपाल के श्री गिरधारी लाल यादव सैलिंग तथा दलीय खेल (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में खेले जाने वाले खेल) में इंदौर के श्री शरद जपे खो-खो को विश्वामित्र पुरस्कार प्रदान किए गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments