नई दिल्ली: दीवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आज सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 5 फीसदी बढोत्तरी का फैसला किया गया है. कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ये बढोत्तरी इसी साल एक जुलाई से लागू हो गई है.
50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 62 लाख पेंशनभोगियों को होगा फायदा
बता दें कि सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 12 फीसदी महंगाई भत्ता मिलता है. मोदी सरकार के इस फैसले से 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 62 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा. सरकार के इस फैसले से सरकारी खज़ाने पर 16 हजार करोड़ का बोझ पड़ेगा.