मुंबई में एक्टर टाइगर श्राफ की कार पर गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इसमें अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में लिखा है, ‘जय महाकाल, जय श्री राम। राम राम जी सभी भाइयों को। जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधु लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था, मगर इसको समझ नहीं आया। इसलिए आज इसको बढ़िया तरह समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा।’
मुंबई पुलिस के मुताबिक, रविवार को टाइगर श्रॉफ एक मैदान से अपनी कार में निकल रहे थे। उस समय उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इसी दौरान भीड़ के बीच से उनकी कार पर तीन से चार राउंड गोलियां चलाई गईं। यह घटना जुहू पुलिस थाने के इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित हैं। हालांकि, बाद में मुंबई पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में 2 लोग घायल हुए हैं। इनमें टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं, जिनके बाएं हाथ में गोली लगी है।