Homeप्रमुख खबरेंडोनाल्ड ट्रंप का नया शिगूफा जानिए भारत पाक जंग पर क्या बोले

डोनाल्ड ट्रंप का नया शिगूफा जानिए भारत पाक जंग पर क्या बोले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  ने दावा करते हुए कहा कि मई के महीने में भारत-पाकिस्तान के बीच चले संघर्ष में ‘पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया था.’

हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि किस देश के कितने लड़ाकू विमानों को नुक़सान पहुंचा. ट्रंप का यह बयान शुक्रवार रात व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ हुए डिनर के दौरान आया है.

इससे पहले पाकिस्तान भी भारत के ‘पांच लड़ाकू विमान मार गिराने’ का दावा कर चुका है. हालांकि, भारत ने इन दावों को हमेशा ख़ारिज किया है.

ट्रंप के ताज़ा बयान के बाद विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है.

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “ट्रंप ने कहा, भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध में पांच जेट गिराए गए. इसके साथ ही 24वीं बार कहा कि मैंने व्यापार की धमकी देकर भारत-पाकिस्तान की वॉर रुकवा दी.”

ट्रंप लगातार ये बात दोहरा रहे हैं और नरेंद्र मोदी ख़ामोश हैं. नरेंद्र मोदी ने व्यापार के लिए देश के सम्मान से समझौता क्यों किया?”

मई के महीने के आख़िर में भारत के चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष के दौरान भारत के लड़ाकू विमान गिराए जाने के सवालों पर जवाब दिया था. उन्होंने पाकिस्तान की ओर से विमानों को नुक़सान पहुंचने के दावे को सिरे से ख़ारिज कर दिया था.

इसके अलावा ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कराने के दावे भी करते रहे हैं.

ट्रंप ने यहां तक कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को व्यापार बंद करने की धमकी दी थी, उसके बाद दोनों देश संघर्षविराम के लिए तैयार हुए थे.

दरअसल, मई महीने की शुरुआत में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के दौरान अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की थी.

अमेरिका ने इसी बातचीत को संघर्षविराम कराने के तौर पर पेश किया और ट्रंप ने ही संघर्षविराम की घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर की थी.

इसी महीने की शुरुआत में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि संघर्षविराम पूरी तरह से द्विपक्षीय था.

ट्रंप ने क्या कहा?

शुक्रवार रात को व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के सामने ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने कई युद्ध रोके हैं और ये सभी गंभीर युद्ध थे.

उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच भी यही हो रहा था. वहां विमानों को मार गिराया जा रहा था. मुझे लगता है कि असल में पांच जेट मार गिराए गए थे. ये दोनों परमाणु संपन्न देश हैं और एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे.”

“ऐसा लगता है यह एक नए तरीक़े का युद्ध है. आपने हाल ही में देखा कि हमने ईरान में क्या किया. हमने उनकी परमाणु क्षमता पूरी तरह से नष्ट कर दी.”

अपने बयान में ट्रंप ने एक बार फिर व्यापार का भी ज़िक्र किया और कहा कि इसके ज़रिए हमने संघर्ष को रोका.

ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष बढ़ता जा रहा था और हमने इसे व्यापार के ज़रिए सुलझाया.”

“हमने कहा- आप लोग (अमेरिका से) व्यापार समझौता करना चाहते हैं. अगर आप एक-दूसरे पर हमले और शायद परमाणु हथियार से हमले करेंगे तो हम व्यापार समझौता नहीं करेंगे.”

लड़ाकू विमान मार गिराने के दावों पर भारत का जवाब

31 मई को भारत के चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष के दौरान भारत के लड़ाकू विमान गिराए जाने के सवालों पर जवाब दिया था.

साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की ओर से विमानों को नुक़सान पहुंचने के दावे को सिरे से ख़ारिज किया था.

ब्लूमबर्ग टीवी को दिए इंटरव्यू में पत्रकार ने जनरल अनिल चौहान से सवाल किया कि पाकिस्तान का दावा है कि उन्होंने भारतीय वायुसेना के एक से अधिक विमान को गिराया था, क्या वह इसकी पुष्टि कर सकते हैं?

इसका जवाब देते हुए जनरल अनिल चौहान ने कहा, “ये महत्वपूर्ण नहीं कि जेट गिराया गया, महत्वपूर्ण ये बात है कि ऐसा क्यों हुआ.”

इस पर पत्रकार ने उनसे एक बार फिर पूछा, “कम से कम एक जेट गिराया गया था, क्या ये सही है?”

जनरल अनिल चौहान ने इस पर कहा, “अच्छी बात ये है कि हम अपनी टैक्टिकल ग़लतियां जान पाए, हमने उसे सुधारा और फिर उसके दो दिन बाद उसे लागू किया. इसके बाद हमने अपने सभी जेट उड़ाए और लंबी दूरी के ठिकानों को निशाना बनाया.”

पत्रकार ने एक बार फिर कहा, “पाकिस्तान का ये दावा है कि भारत के छह लड़ाकू विमानों को गिराने में वह कामयाब रहा था, क्या उसका ये आकलन सही है?”

इसके जवाब में जनरल अनिल चौहान ने कहा, “ये बिल्कुल ग़लत है. लेकिन जैसा मैंने कहा ये जानकारी बिल्कुल भी महत्वपूर्ण नहीं है. जो महत्वपूर्ण है, वह यह है कि जेट क्यों गिरे और इसके बाद हमने क्या किया. ये हमारे लिए ज़्यादा महत्वपूर्ण है.”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments